विश्वकर्मा दिवस पर डॉ. कमल गुप्ता ने भगवान विश्वकर्मा का लिया आशीर्वाद, श्रद्धालुओं संग बैठकर किया प्रसाद ग्रहण
हिसार, 10 नवंबर ।
विश्वकर्मा दिवस के पावन अवसर पर हरियाणा के पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री तथा वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कमल गुप्ता ने ऑटो मार्केट स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया तथा संस्था के पदाधिकारियों,ऑटो मार्केट के व्यापारियों एवं मिस्त्री समाज के सभी लोगों को विश्वकर्मा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल, श्रम और निर्माण के प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें ईमानदारी, परिश्रम, दक्षता और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में श्रमिकों, कारीगरों, इंजीनियरों, तकनीशियनों और निर्माण कार्य से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का महत्वपूर्ण योगदान होता है। श्रम का सम्मान और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सफलता और समृद्धि का संचार करें। प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में निरंतर उन्नति करे तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहे, यही उनकी मंगलकामना है।
इस अवसर पर महावीर जांगड़ा, सुरेश गोयल धूप वाला, नरेश सिंघल, पार्षद मोहित सिंघल, सतवीर भाटी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।