लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण में पात्र महिलाएं जल्द करवाएं पंजीकरण : उपायुक्त महेंद्र पाल
योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने मिल रही 2100 रुपये की आर्थिक सहायता, पंजीकरण प्रक्रिया जारी
हिसार,
उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण में नए लाभार्थियों को जोड़ने के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। ऐसे में जो महिलाएं योजना की निर्धारित पात्रता पूरी करती हैं, वे समय रहते अपना पंजीकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ सही पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए जिला स्तर पर पंजीकरण प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के लिए पंजीकरण करवाने पहुंचने वाली महिलाओं को पात्रता, जरूरी दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए। पंजीकरण के दौरान किसी भी महिला को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उसकी हरसंभव सहायता की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उपायुक्त ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास की पात्र महिलाओं को योजना के बारे में जागरूक करें और उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।