Haryana Tank Accident: सैन्य अभ्यास में बड़ा हादसा, टैंक की चपेट में आने से 2 जवान बलिदान
हिसार। हिसार के तोशाम रोड स्थित गांव भोजराज के पास सैन्य प्रशिक्षण के दौरान टैंक के नीचे आने से दो जवानों की मौत हो गई। यह घटना शनिवार की है, जब सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में करीब 32 टैंकों के साथ अभ्यास चल रहा था।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के गांव आमगांव निवासी 35 वर्षीय नायक अंकुश कुमार और उत्तर प्रदेश के ही शामली क्षेत्र के गांव भाजू निवासी 27 वर्षीय लांस नायक मनीष कुमार टैंक मोर्चों पर तैनात थे।
टैंक चलाते समय अधिक धूल उड़ने के कारण टैंक चालक को दोनों जवान नजर नहीं आए और टैंक के नीचे आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत सेना के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी दुखद मौत हो गई।
रविवार सुबह सदर थाना पुलिस ने दोनों जवानों के शवों का नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पार्थिव शरीरों को सैनिक छावनी ले जाया गया, जहां पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस मौके पर दोनों जवानों के परिजन भी मौजूद रहे। सदर थाना पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। बलिदानी लांस नायक मनीष की डेढ़ साल पहले हुई थी शादी उत्तर प्रदेश के शामली क्षेत्र के भाजू गांव निवासी 27 वर्षीय लांस नायक मनीष कुमार सात साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। उनके पिता रामबीर सेना के कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हैं। करीब डेढ़ साल पहले मनीष कुमार का विवाह हुआ था और अभी उनकी कोई संतान नहीं है।
बलिदानी मनीष कुमार तीन बहनों के इकलौते भाई थे। परिजनों ने बताया कि सेना में भर्ती होने के बाद वह पहले ब्यास गए थे और फिर 2023 में हिसार स्थित सैनिक छावनी में तैनात हुए।
परिजनों के मुताबिक उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन की शादी अभी बाकी है। शनिवार शाम करीब चार बजे मनीष के बलिदान होने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार के लोग घर से हिसार के लिए रवाना हुए।
वह करीब दो महीने पहले एक दिन के लिए घर गए थे।
उत्तर प्रदेश के बदायूं के गांव आमगांव निवासी 35 वर्षीय नायक अंकुश पटेल 2010 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके छोटे भाई विनित पटेल ने बताया कि पिता आदेश कुमार सिंह सेना में नायक पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
उन्होंने बताया कि अंकुश पटेल के 12 साल की बेटी नंदनी और छह साल का बेटा हर्ष है। हम में सबसे बड़ी बहन है। विनित ने बताया कि करीब दो महीने पहले भाई एक दिन के लिए गांव आए थे।
एक दिन का समय बिताने के बाद वापस सैनिक छावनी लौट आए। शनिवार करीब चार बजे के आसपास भाई के बलिदानी होने का समाचार मिला था। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह सैनिक छावनी पहुंचे थे।
समय-समय पर चलता रहता है सैन्य प्रशिक्षण
गांव भोजराज में सेना का सैन्य प्रशिक्षण केंद्र है। वहां पर समय-समय पर सैन्य प्रशिक्षण चलता रहता है। शनिवार दोपहर को भी वहां पर 32 टैंकों के साथ युद्ध अभ्यास चल रहा था। प्रशिक्षण के दौरान धूल उड़ने से टैंक चालक को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया।
इसी दौरान टैंक मोर्चे पर तैनात नायक मनीष कुमार और नायक अंकुश कुमार के ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों जवान गंभीर रूप घायल हो गए। दोनों को तुरंत सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
बलिदान हुए दोनों जवानों के स्वजनों के बयान दर्ज किए है। दोनों के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। दोनों जवानों का पोस्टमार्टम करवा सेना के अधिकारी और स्वजनों के हवाले कर दिया। -अमित कुंडू, सदर थाना प्रभारी, हिसार