हरियाणा: घरेलू कलह में उजड़ा परिवार! हिसार में गर्भवती पत्नी और पति की डिग्गी में डूबने से मौत, बेटा सुरक्षित
बरवाला (हिसार): हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र स्थित गांव गैबीपुर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। घरेलू मनमुटाव के चलते शुक्रवार सुबह एक महिला ने अपने मासूम बेटे के साथ जलघर के टैंक (डिग्गी) में छलांग लगा दी। पत्नी और बच्चे को डूबता देख पति भी उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गया। हालांकि, ग्रामीणों और युवकों के प्रयास से बच्चे की जान तो बचा ली गई, लेकिन इस हादसे में पति-पत्नी दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है।
मृतकों की पहचान गांव गैबीपुर निवासी 32 वर्षीय राजकुमार उर्फ गोलू और उसकी 30 वर्षीय पत्नी सुनीता के रूप में हुई है। मृतका सुनीता सात महीने की गर्भवती थी। वहीं, उनका ढाई से तीन साल का बेटा इस हादसे में सुरक्षित बच गया है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
मायके जाने के लिए घर से निकली थी महिला
मिली जानकारी के अनुसार, राजकुमार मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा चलाता था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच आपसी मनमुटाव चल रहा था। प्रारंभिक चर्चाओं में यह बात भी सामने आई है कि राजकुमार शराब पीने का आदी था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर अनबन रहती थी।
शुक्रवार सुबह सुनीता अपने छोटे बेटे को साथ लेकर अपने मायके गांव सुलखनी जाने के लिए घर से निकली थी। घर से कुछ ही दूरी पर गांव का जलघर बना हुआ है। रास्ते में वह जलघर की पटरी के पास पहुंची और अचानक अपने बेटे के साथ डिग्गी के टैंक में छलांग लगा दी। अपनी आंखों के सामने पत्नी और बच्चे को पानी में कूदता देख राजकुमार भी उन्हें बचाने के लिए तुरंत डिग्गी में कूद पड़ा।
युवकों ने बचाई मासूम की जान, मगर नहीं बचे पति-पत्नी
घटना के वक्त पास के ही रामलीला ग्राउंड में कुछ युवक मौजूद थे। चीख-पुकार और शोर सुनकर वे तुरंत मौके की तरफ दौड़े। गनीमत यह रही कि डिग्गी में उतरे युवकों को तैरना आता था। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले मासूम बच्चे और राजकुमार को पानी से बाहर निकाला। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि मासूम बच्चे की जान बचा ली गई। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
उधर, सुनीता शुरुआत में पानी के भीतर नहीं मिल पाई थी। बाद में राहत और बचाव कार्य में जुटे लोगों ने टायर की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी भी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस जांच में जुटी, शनिवार को दर्ज होंगे परिजनों के बयान
दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके अलावा दमकल विभाग की गाड़ी, एंबुलेंस और भारी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जमा हो गए।
मामले की जांच कर रहे एएसआई फलेल सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गैबीपुर के जलघर टैंक में एक महिला, बच्चा और एक व्यक्ति डूब गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि अभी तक मृतका के मायके या ससुराल पक्ष की तरफ से आधिकारिक बयान दर्ज नहीं कराए गए हैं। शनिवार को परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।