हिसार में 200 पशु चिकित्सकों को दिया मुंह-खुर रोग नियंत्रण का प्रशिक्षण, 2030 तक भारत को रोगमुक्त बनाने का लक्ष्य
हिसार, 25 नवंबर। हरियाणा को मुंह-खुर रोग से मुक्त बनाने की दिशा में पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी कड़ी में लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेशभर से पहुंचे करीब 200 पशु चिकित्सकों और विभागीय अधिकारियों को टीकाकरण, रोग की निगरानी और प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में लुवास के कुलपति प्रो. विनोद कुमार वर्मा ने शिरकत की। वहीं पशुपालन एवं डेयरी विभाग के महानिदेशक डॉ प्रेम सिंह और चौधरी चरण सिंह राष्ट्रीय पशु स्वास्थ्य संस्थान, बागपत के संयुक्त आयुक्त डॉ अश्विनी कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय खुरपका-मुंहपका रोग संस्थान भुवनेश्वर के निदेशक डॉ जगाती के महापात्रा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। अपने संबोधन में कुलपति प्रो विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि भारत सरकार ने वर्ष 2030 तक देश को मुंह-खुर रोग से मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर व्यापक टीकाकरण, जैव सुरक्षा नियमों का पालन, रोग की नियमित निगरानी, सीरोलॉजिकल परीक्षण और प्रयोगशाला निदान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने पशु चिकित्सकों से आह्वान किया कि कार्यशाला में मिली तकनीकी जानकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से लागू करें और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने में योगदान दें। इसका मुख्य उद्देश्य वर्ष 2030 तक भारत को मुंह-खुर रोग से मुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप हरियाणा में टीकाकरण के माध्यम से रोगमुक्त क्षेत्र एवं कम्पार्टमेंट स्थापित करने की दिशा में काम करना है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के महानिदेशक डॉ प्रेम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एफएमडी टीकाकरण अभियान के 12वें चरण में निर्धारित समय पर व्यापक टीकाकरण करवाना, जैव सुरक्षा नियमों की पालना करना और विभागीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने लुवास, राष्टï्रीय खुरपका-मुंहपका रोग संस्थान और इंडियन इम्यूनोलॉजिकल्स लिमिटेड के तकनीकी सहयोग की सराहना करते हुए अधिकारियों और पशु चिकित्सकों से अभियान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाने की अपील की। प्रशिक्षण में पशु चिकित्सा सर्जन, उपनिदेशक, उपमंडल अधिकारी, जिला प्रयोगशालाओं के कर्मचारी और सीमन बैंक के अधिकारी भी शामिल हुए। विशेषज्ञों ने रोग नियंत्रण, टीकाकरण, निगरानी और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी तकनीकी जानकारी साझा की। कार्यशाला के समापन अवसर पर हिसार पशुपालन एवं डेयरी विभाग की उपनिदेशक डॉ संगीता दलाल ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने कार्यक्षेत्र में लागू कर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर मुंह-खुर रोग उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने में सहयोग देने की अपील की। कार्यशाला में लुवास के अनुसंधान निदेशक डॉ रजत गर्ग, पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ अनीश यादव, पशु चिकित्सा सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ राजेश छाबड़ा तथा हिसार की उपनिदेशक डॉ संगीता दलाल सहित विभागीय अधिकारी, वैज्ञानिक और संकाय सदस्य उपस्थित रहे।