{"vars":{"id": "91925:5179"}}

त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर रखें नजर, मिलावट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त महेंद्र पाल

त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर रखें नजर, मिलावट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त महेंद्र पाल
 

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को नियमित सैंपलिंग के निर्देश

हिसार

    बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य सामग्री में मिलावट करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।     यह निर्देश उपायुक्त महेंद्र पाल ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियम, 2011 के तहत आयोजित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को दिए। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी और समिति के अन्य सदस्यों ने जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाए और संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लेकर उनकी जांच करवाई जाए। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए

    उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से सैंपलिंग अभियान चलाए। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन की जांच की  जाए, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के प्रति दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों को भी जागरूक किया जाए। खाद्य सामग्री के भंडारण और बिक्री के दौरान निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करवाया जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उद्देश्य लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करें।     इस अवसर पर एसीयूटी विवेक यादव, सिविल सर्जन डॉ सपना गहलावत, सीएमजीजीए अमोल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।