खरीफ फसलों की खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, किसानों को मंडियों में न हो परेशानी : उपायुक्त महेंद्र पाल
धान की आवक, तुलाई और लिफ्टिंग में तेजी लाने के निर्देश, किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करें अधिकारी
हिसार,
खरीफ फसलों की खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंडियों में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और खरीद से लेकर भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुचारू रूप से संचालित की जाए।
यह निर्देश उपायुक्त महेंद्र पाल ने हरियाणा के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित प्रदेश स्तरीय खरीफ फसल खरीद समीक्षा बैठक के बाद जिला स्तर पर खरीद व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दिए। वीसी उपरांत उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कि मंडियों में धान व अन्य खरीफ फसलों की आवक के अनुसार खरीद व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। फसल की तुलाई और उठान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। मंडियों में फसल लेकर आने वाले किसानों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर अधिकारी निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तुरंत समाधान करवाएं।
उपायुक्त ने कहा कि फसलों की खरीद के दौरान मंडियों में जाम न लगे। खरीद केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि खरीद कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। उन्होंने किसानों की फसल का भुगतान समय पर उनके बैंक खातों में सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो तथा खरीद से संबंधित रिकॉर्ड और आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाएं। किसी किसान को भुगतान या खरीद प्रक्रिया से संबंधित समस्या आती है, तो उसका प्राथमिकता से समाधान किया जाए। इस अवसर पर नगराधीश रोहित कुमार, डीएफएससी अमित शेखावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।