{"vars":{"id": "91925:5179"}}

मैनुअल स्कैवेंजिंग प्रथा पर रोक एवं सफाई कर्मचारियों के पुनर्वास से जुड़े विषयों पर बैठक आयोजित

मैनुअल स्कैवेंजिंग प्रथा पर रोक एवं सफाई कर्मचारियों के पुनर्वास से जुड़े विषयों पर बैठक आयोजित
 

हिसार,

मैनुअल स्कैवेंजिंग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने, इस कार्य में लगे व्यक्तियों की पहचान, उनके पुनर्वास तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की और से बुधवार को वीसी के माध्यम से एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मैनुअल स्कैवेंजर के रूप में रोजगार का निषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013 एवं नियम, 2013 के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई। आयोग द्वारा अधिकारियों से अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई, सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं तथा उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी ली गई। साथ ही ऐसी घटनाओं में पीड़ितों को मुआवजा दिए जाने, एफआईआर दर्ज किए जाने तथा बिना सुरक्षा उपकरणों व नियमों की पालना किए बगैर सफाई करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध ठोस कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बैठक के उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने कहा कि मैनुअल स्कैवेंजिंग की अमानवीय प्रथा को पूरी तरह समाप्त करना तथा सफाई कर्मचारियों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित कार्य वातावरण और पुनर्वास के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना सभी का दायित्व है, जिसे संबंधित विभागों के अधिकारी पूर्ण गंभीरता के साथ इस दायित्व का निर्वहन करें। बैठक में नगराधीश रोहित कुमार ने जिला कल्याण विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों को एक्ट में दिए गए प्रावधानों की पूर्ण रूप से अनुपालना करने की हिदायत दी।