हिसार शहर से छू-मंतर होगा ट्रैफिक जाम, राजगढ़ रोड को रिंग रोड से जोड़ने की नई योजना तैयार
हिसार शहर को ट्रैफिक जाम के झंझट से छुटकारा दिलाने के लिए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब रिंग रोड को राजगढ़ रोड बाईपास से जोड़ने के लिए राजगढ़ रोड के नजदीक नए ट्रंपेट इंटरचेंज निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य कम लागत में ऐसा प्रभावी सड़क ढांचे को तैयार करना है जो भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को संभालने में कारगर साबित हो सकें।
इस तरह का होगा डिजाइन
चीफ इंजीनियर संदीप बाना ने बताया कि प्रस्तावित डिजाइन में रिंग रोड को मौजूदा राजगढ़ रोड बाईपास में इस तरह मर्ज किया जाएगा कि गाड़ियों को अचानक रूकने या तीखे मोड़ का सामना न करना पड़े। इससे रिंग रोड से राजगढ़ रोड बाईपास पर जाने वाले वाहनों को अपेक्षाकृत सुगम और निर्बाध सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इससे शहर के अंदरूनी हिस्सों में जाने वाले वाहनों को भी बेहतर विकल्प सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी। यह इंटरचेंज रिंग रोड और मौजूदा राजगढ़ रोड बाईपास के बीच सुगम कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के साथ शहर के बाहरी सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण रोल अदा करेगा।
ट्रैफिक दबाव और जाम होगा कम
इस इंटरचेंज के निर्माण से रिंग रोड और राजगढ़ रोड बाईपास के बीच ट्रैफिक संचालन सुचारू रूप से जारी रखने में मदद मिलेगी। इससे शहर के कई प्रमुख स्थानों के बीच आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। वर्तमान में यहां लालबत्ती के चलते ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है लेकिन अब इसके निर्माण से वाहन चालक बिना ठहराव किए सीधा अपने गंतव्य स्थान की ओर बढ़ जाएंगे।
इस पहल के पीछे पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा की कम लागत में आधुनिक एवं उपयोगी सड़क इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की सोच बताई गई है। इसके निर्माण से रिंग रोड, राजगढ़ रोड बाईपास और शहर की अन्य प्रमुख सड़कों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हो जाएगी।