हरियाणा की बेटी ने रचा इतिहास! एकता भ्याण को राष्ट्रपति मुर्मु ने दिया अर्जुन अवॉर्ड, देशभर में गूंजा नाम!
हिसार। हिसार की पैरा एथलीट एकता भ्याण को पैरा एथलेटिक्स के क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
एकता ने हांगझोऊ एशियाई पैरा गेम्स के साथ-साथ पेरिस और कोबे में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से हिसार के खेल जगत में खुशी की लहर है। हिसार के सेक्टर 1-4 की निवासी एकता वर्तमान में शहर के रोजगार विभाग में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
अर्जुन अवॉर्ड के लिए चयनित होने की खबर के बाद से ही उनके परिवार और खेल प्रेमियों में उत्साह था। अब राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलने के बाद उनकी करीब एक दशक की कठिन मेहनत को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है।
खास बात यह है कि एकता हरियाणा की पहली पैरा खिलाड़ी हैं, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया है। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके पिछले 10 वर्षों की मेहनत का सुखद परिणाम है और वह लंबे समय से इस गौरवशाली पल का इंतजार कर रही थीं।
सड़क हादसे के बाद नहीं हारी हिम्मत
बता दें कि एकता वर्ष 2003 में दिल्ली जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गई थीं। इसके बाद से वह व्हीलचेयर पर हैं। परिवार के हौसला देने पर उन्होंने परिस्थितियों का डटकर सामना किया। वर्ष 2013 में रोजगार विभाग में नौकरी लगी और वर्ष 2016 में उन्होंने खेलों की ओर रुख किया।
इसके बाद लगातार मेहनत कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2019 में दुबई में आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेते हुए उन्होंने 2021 टोक्यो पैरालंपिक के लिए क्वालिफाई किया था।
वर्ष 2020 में उन्हें स्पोर्ट्स स्टार एसेस अवॉर्ड्स में पैरा स्पोर्ट्सवुमन आफ द ईयर चुना गया। इससे पहले 2018 में वह ईएसपीएन डिफरेंटली एबल्ड एथलीट आफ द ईयर भी चुनी गई थीं।
स्कूल स्तर से सुविधाएं मिलने पर बढ़ेंगी प्रतिभाएं
एकता कहती है कि स्कूल स्तर से ही दिव्यांग खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं और उचित मार्गदर्शन मिले तो कई प्रतिभाएं आगे आ सकती हैं। खेलो इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम जैसी योजनाओं में पैरा खिलाड़ियों को भी अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पैरा खेलों को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।
खिलाड़ियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। एकता का अगला लक्ष्य वर्ष 2027 में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप और पैरा गेम्स में बेहतर प्रदर्शन करना है। उनके पिता बलजीत सिंह भ्याण बागवानी विभाग से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता रेणू भ्याण गृहिणी हैं।