विश्वकर्मा दिवस पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने की शिरकत, विकास कार्यों का किया उदघाटन
कहा, श्रम, हुनर, कला और तकनीक से ही मजबूत होता है राष्ट्र
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने सोमवार को विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर बरवाला स्थित श्री विश्वकर्मा धर्मशाला में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री ने धर्मशाला में नवीनीकरण कार्यों का भी उदघाटन किया। इन कार्यों के लिए उन्होंने अपने कोष से 21 लाख रूपए की राशि दी थी।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का प्रथम शिल्पकार, ब्रह्मांड का मुख्य वास्तुकार और निर्माण एवं सृजन का देवता माना जाता है। हिंदू धर्मग्रंथों में भगवान विश्वकर्मा की अद्भुत शिल्पकला और निर्माण कौशल का विशेष उल्लेख मिलता है। स्वर्गलोक, सोने की लंका और द्वारिका जैसी भव्य रचनाओं के निर्माण में उनकी कला और कौशल का वर्णन किया गया है। भगवान शिव का त्रिशूल, भगवान विष्णु का सुदर्शन चक्र और रावण का पुष्पक विमान भी भगवान विश्वकर्मा की शिल्पकला से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा दिवस केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रम, कला, तकनीक और हुनर के महत्व को समझने का भी अवसर है। एक छोटा कारीगर हो, कारखाने में काम करने वाला श्रमिक हो या बड़ी-बड़ी इमारतों और आधुनिक तकनीक का निर्माण करने वाला इंजीनियर, प्रत्येक व्यक्ति अपने कौशल और मेहनत से समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारे हाथों का हुनर और रचनात्मकता ही समाज को आगे बढ़ाने की ताकत है।
उन्होंने कहा कि किसी भी देश की तरक्की केवल बड़े उद्योगों और आधुनिक संसाधनों से नहीं, बल्कि उन हाथों की मेहनत से भी होती है जो अपने हुनर से निर्माण और उत्पादन को संभव बनाते हैं। किसान के औजार बनाने वाले कारीगर से लेकर मशीनों का संचालन करने वाले तकनीकी विशेषज्ञ तक, हर व्यक्ति राष्ट्र की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। श्रम का सम्मान और हुनर का प्रोत्साहन ही एक मजबूत एवं आत्मनिर्भर समाज की नींव है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज का युग तकनीक और नवाचार का युग है। देश में आधारभूत ढांचे, आधुनिक मशीनों और नई तकनीकों के विकास में शिल्पकारों, इंजीनियरों, कारीगरों और श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में पारंपरिक हुनर को संरक्षित करने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और कौशल विकास को अपनाना भी जरूरी है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने सभी के सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम में उन्होंने उपस्थित लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने श्री विश्वकर्मा जांगिड़ ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों की मांगों को सुनते हुए धर्मशाला के मुख्य द्वार एवं परिसर के ग्राउंड में आवश्यक विकास कार्य करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और सामाजिक संस्थाओं को सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। संबंधित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए विकास कार्यों को पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा,
प्रधान प्रताप सिंह जांगड़ा, उपप्रधान हवा सिंह जांगड़ा, अजय कांत जांगड़ा, प्रधान विजेंद्र कुमार, प्रेम सिंह जांगड़ा, नरेश जांगड़ा, डॉ अनंत राम बरवाला, पूनम जांगड़ा, दयानंद जांगड़ा, चतर सिंह जांगड़ा, निहाल सिंह, धर्म सिंह जांगड़ा, सतपाल जांगड़ा, उदय सिंह जांगड़ा, एमस ऋषिपाल, सुमन जांगड़ा, सुरेश गोयल एवं हरी सिंह दहिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।