सुरक्षित बचपन अभियान : पॉक्सो एक्ट के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
हिसार,
हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के निर्देशानुसार सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिले के स्कूलों में पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की अध्यक्ष अलका मलिक के मार्गदर्शन में 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को गांव लुदास और गंगवा के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों व शिक्षकों को बाल यौन शोषण के प्रति जागरूक किया गया। गांव लुदास के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सीजेएम एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव अशोक कुमार तथा गांव गंगवा के पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रिया अग्रवाल ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कानून बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है। विद्यार्थियों को अपराधों की जांच प्रक्रिया, दोषियों के लिए निर्धारित सजा और पीड़ित बच्चों को मिलने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में साइबर थाना हिसार से सुमित ने सुरक्षित बचपन से संबंधित जानकारी दी। बाल कल्याण समिति की रानी ने ना बाल विवाह, ना बाल शोषण विषय पर जागरूक किया, जबकि विशेष किशोर पुलिस इकाई के एएसआई सिराजुद्दीन ने बाल यौन शोषण से बचाव के बारे में बताया। सीजेएम अशोक कुमार ने बताया कि अभियान के तहत हिसार के साथ हांसी, बरवाला और नारनौंद सहित अन्य क्षेत्रों के स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें न्यायिक अधिकारी, पैनल अधिवक्ता, साइबर सेल और बाल कल्याण समिति के प्रतिनिधि विद्यार्थियों को जागरूक कर रहे हैं।