पेयजल योजनाओं के रखरखाव में नई ओएंडएम पॉलिसी-2026 के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करें अधिकारी : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल
हिसार, 18 नवंबर।
जिले की सभी ग्रामीण पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव सरकार द्वारा जारी नई ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस पॉलिसी-2026 के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। पेयजल से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्राम पंचायतों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समयावधि में पूरी करें।
यह निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल बुधवार को जिला जल एवं सीवरेज मिशन की 7वीं बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। बैठक में जिले की ग्रामीण पेयजल योजनाओं, नई ओएंडएम पॉलिसी के क्रियान्वयन, ग्राम पंचायतों के बैंक खाते खोलने तथा ग्राम पंचायतों एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के बीच एमओयू की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की 31 मार्च 2026 की अधिसूचना के अनुसार नई ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस पॉलिसी एकल ग्राम पंचायतों में 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है, जबकि बहु-ग्राम पंचायतों एवं महाग्राम गांवों में यह 1 अप्रैल 2027 से प्रभावी होगी। उन्होंने अधिकारियों को पॉलिसी के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त को अवगत करवाया गया कि जिले में 2 अक्टूबर 2026 को जल अर्पण दिवस के अवसर पर जिले के छह खंडों की 201 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इनमें 41 स्थानों पर जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित हुए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने एसएनए प्रणाली के तहत इंडियन बैंक में ग्राम पंचायतों के बैंक खाते खोलने की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले की 201 पंचायतों में से अभी तक 26 पंचायतों के खाते खोले गए हैं। उन्होंने शेष पंचायतों के बैंक खाते शीघ्र खुलवाने के निर्देश दिए, ताकि योजना के तहत वित्तीय गतिविधियों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों/ग्राम जल एवं सीवरेज समितियों तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के बीच एमओयू की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि अब तक जिले में 41 एमओयू पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने शेष एमओयू की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में पंचायतों की सहभागिता सुनिश्चित होगी।
बैठक में जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, सभी तहसीलदार एवं बीडीपीओ, कार्यकारी अभियंता-सह-सदस्य सचिव जिला जल एवं सीवरेज मिशन हिसार, संबंधित राजस्व अधिकारी सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।