दिल्ली रैली में हजारों साथियों के साथ होंगे शामिल, वोट कटने के मुद्दे पर चुनाव आयोग से मांगा इस्तीफा
हिसार में किसान नेता दलजीत पंघाल की प्रेसवार्ता, बोले- किसानों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों के लिए उठाएंगे आवाज
हिसार।
किसान बचाओ, देश बचाओ जन आंदोलन संगठन के संचालक एवं किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष दलजीत पंघाल ने हिसार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि इंडिया गठबंधन की ओर से 1 जनवरी को दिल्ली में प्रस्तावित रैली में वे हजारों साथियों के साथ शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से राहुल गांधी को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ किसानों, युवाओं और आम जनता के मुद्दों को उठाया जाएगा।
दलजीत पंघाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, युवा और आम आदमी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिकों के मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों के वोट काटे गए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में जवाबदेही तय करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
पंघाल ने कहा कि भारत किसी एक राजनीतिक दल का देश नहीं, बल्कि सभी वर्गों और 36 बिरादरियों का देश है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के हितों की अनदेखी कर रही है, जबकि बड़े उद्योगपतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन रही है। हरियाणा में रजिस्ट्री के रेट बढ़ने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे भी लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
किसानों को दिल्ली जाने से रोकने और दिल्ली के रामलीला मैदान में कार्यक्रमों पर पाबंदियों को लेकर भी पंघाल ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता को परेशान करने वाले कदम उठाए तो गांव-गांव से लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। दलजीत पंघाल ने किसानों, युवाओं, माताओं और बहनों से दिल्ली में होने वाली रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम काटे जाने के मुद्दे पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए और इस मामले में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।