{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा में गाड़ी नाम करवाने के लिए नहीं काटने दफ्तरों के चक्कर, बिना NOC के होगी गाड़ी नाम, जानिये क्या है नया फॉर्मूला

 

Haryana News: हरियाणा में पुराने वाहनों को नाम बदलवाने के लिए सरकारी कार्यालयों में चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि घर बैठकर ही वाहन को दूसरे के नाम ट्रांसफर किया जा सकेगा। इसके लिए हरियाणा सरकार की तरफ से नई व्यवस्था लागू की है। मालिक का नाम बदलवाने के लिए लोगों को एसडीएम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।


वाहन मालिकाना हक हस्तांतरण की प्रक्रिया को आनलाइन और आधार आधारित सत्यापन से आसान बनाने की दिशा में परिवहन विभाग की डिजिटल व्यवस्था महत्वपूर्ण साबित हो रही है। इसके तहत वाहन बेचने और खरीदने वाले दोनों पक्ष घर बैठे पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। दस्तावेज अपलोड करने, पहचान सत्यापित कराने और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद नाम परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इससे खासतौर पर उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें नौकरी, कारोबार या अन्य कारणों से दूसरे शहर अथवा राज्य में रहते हुए वाहन का मालिकाना हक बदलवाना पड़ता है।

अक्सर ऐसा होता है कि वाहन हरियाणा के किसी जिले में पंजीकृत है, लेकिन उसका मालिक किसी दूसरे जिले में रहने लगा है। वाहन बेचने के बाद पुराने मालिक और नए खरीदार को दस्तावेजों की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए संबंधित कार्यालयों से संपर्क करना पड़ता है। कई बार दोनों पक्षों की अलग-अलग जगह मौजूदगी के कारण प्रक्रिया लंबी खिंच जाती है। आनलाइन व्यवस्था में इस परेशानी को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। 

विक्रेता और खरीदार पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। वाहन का पंजीकरण नंबर, चेसिस से संबंधित विवरण और जरूरी दस्तावेजों के आधार पर आवेदन तैयार होगा। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजकर दोनों पक्षों की पहचान और सहमति का सत्यापन किया जा सकेगा। इसके बाद आवेदन डिजिटल माध्यम से संबंधित पंजीकरण प्राधिकरण तक पहुंचेगा।