15 लाख रुपए की ब्याज मुक्त सब्सिडी, डोमिसाइल की टेंशन खत्म, हरियाणा में कारोबार करना हुआ आसान
हरियाणा में कारोबार करने की योजना बना रहे दूसरे राज्यों के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। बता दें कि सूबे की नायब सैनी सरकार ने होम स्टे के रजिस्ट्रेशन के लिए डोमिसाइल यानी मूल निवास प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता को हटा दिया है जिससे अब दूसरे राज्यों के लोगों के लिए हरियाणा में होम स्टे का कारोबार करने का रास्ता साफ हो गया है।
अधिसूचना जारी
हरियाणा पर्यटन सांस्कृतिक विरासत विभाग के आयुक्त व सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल की ओर से इस संबंध में वीरवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश सरकार द्वारा जारी नई अधिसूचना के मुताबिक हरियाणा होम स्टे (संशोधन) योजना 2024 के उस प्रावधान को हटा दिया गया है जिसमें रजिस्ट्रेशन के लिए हरियाणा सरकार के सक्षम अधिकारी द्वारा जारी डोमिसाइल सर्टिफिकेट जरूरी था।
इसका उद्देश्य कारोबार शुरू करने में आने वाली अनावश्यक शर्तों और कागजी कार्रवाई को कम करना है। विभाग के अनुसार डोमिसाइल की अनिवार्यता हटने से होम स्टे के लिए आवेदन व रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पहले के मुकाबले सरल हो सकेगी। इसका फायदा उन लोगों को भी मिल सकता है जो हरियाणा में संपत्ति रखते हैं लेकिन राज्य के निवासी नहीं हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने शुरू की थी योजना
पर्यटकों को घर जैसे माहौल में ठहरने की सुविधा और गृह स्वामियों को अतिरिक्त आय का साधन उपलब्ध कराने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यह योजना शुरू की थी। गृह स्वामी अपने घर की अतिरिक्त जगह पर्यटकों को तयशुदा दरों पर पूर्ण बोर्डिंग के साथ दे सकते हैं। हालांकि होम स्टे मालिक को अपने घर में रहना अनिवार्य होगा।
पर्यटन विभाग की ओर से पात्र होम स्टे इकाइयों को विभिन्न प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे। इनमें कमरों के नवीनीकरण के लिए अधिकतम 15 लाख रुपये तक लोन पर 3 साल तक 100% ब्याज सब्सिडी, घरेलू दरों पर बिजली-पानी और स्थानीय करों में छूट शामिल हैं।