एडीसी जगनिवास की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
दुर्घटनाएं रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार करें अधिकारी : एडीसी
झज्जर, 3 अक्टूबर।
जिलाभर में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी रूप से कार्य जारी हैं।ऐसे में अधिकारी सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करें। यह निर्देश एडीसी जगनिवास ने लघु सचिवालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों को रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इससे पहले डीटीओ रवीश हुडा ने सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी।
एडीसी ने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान करें, वहां सुधारात्मक उपाय करें और लोगों को जागरूक करने के लिए नियमित दौरे करें। एडीसी जगनिवास ने कहा कि जिला में जिन स्थानों पर दुर्घटनाएं बार-बार हो रही हैं, उन्हें हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित किया जाए और वहां ब्लाइंड मोड़, शार्प कर्व, अवैध कट, झाड़ियां व पेड़ की टहनियों जैसी रुकावटों को तुरंत हटाया जाए। रोड मार्किंग, कैट्स आई, रिफ्लेक्टर, साइनबोर्ड और चेतावनी संकेतक शीघ्र लगाए जाएं। उन्होंने कहा कोहरे के मौसम से पहले सभी मुख्य सड़कों पर लाइटिंग और सेफ्टी डिवाइस की व्यवस्था पूरी हो जानी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती
एडीसी जगनिवास ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि ओवरस्पीड, मोबाइल फोन का प्रयोग, ड्रंकन ड्राइविंग, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करने जैसे नियमों के उल्लंघन पर सख्ती से चालान किए जाएं। उन्होंने कहा कि जुर्माने के साथ-साथ चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। एडीसी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा प्रशासन के लिए शीर्ष प्राथमिकता है। फील्ड विज़िट, स्कूल स्तर पर जागरूकता अभियान, दुर्घटना संभावित स्थानों पर त्वरित सुधार और सख्त प्रवर्तन के जरिए हादसों को न्यूनतम स्तर तक लाने की ठोस योजना बनाते हुए कार्य करें। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।