शिक्षा की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं पर शासन- प्रशासन का फोकस : डीसी
स्कूल गोद लेने की जिम्मेदारी सजगता से निभाएं अधिकारी - डीसी
प्रथम व द्वितीय श्रेणी के अधिकारी स्कूल गोद लेकर करेंगे नियमित निरीक्षण
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों की बैठक में दिए जरूरी निर्देश
झज्जर, 23 नवम्बर।
जिला के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अधिकारियों को स्कूल गोद लेने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के अधिकारी सरकारी स्कूलों का नियमित निरीक्षण करेंगे और वहां उपलब्ध शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेंगे।
डीसी वर्षा खांगवाल ने सोमवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपरांत अधिकारियों की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस बीच डीईओ रतिंद्र सिंह ने जिलाभर के सभी 520 स्कूलों की जानकारी साँझा की।
स्कूल निरीक्षण करने के साथ ही विद्यार्थियों के साथ संवाद भी करें अधिकारी
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अधिकारी अपने गोद लिए गए स्कूलों में नियमित रूप से पहुंचकर कक्षाओं की साफ-सफाई, शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करें। स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का आकलन करने के साथ-साथ जहां भी कमियां मिलें, उन्हें संबंधित विभागों के सहयोग से दूर करवाने के प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल स्कूलों का निरीक्षण करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें विद्यार्थियों के साथ संवाद भी करना होगा। अधिकारी बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, शिक्षा के महत्व को समझने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
डीसी ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं को समझने तथा अपने लक्ष्य तय करने में मदद मिलेगी।
नियमित निरीक्षण के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में होगा सुधार
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्कूल गोद लेने की जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं और नियमित निरीक्षण के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम रवि मीणा, डीएफसी साहिती रेडडी,सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल,सीएमजीजीए खुशी कौशल,डीडीपीओ निशा तंवर, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सतीश जनावा,रोडवेज महाप्रबंधक अनित यादव,डीईईओ राजबाला मलिक,सीएमओ डॉ मंजू कादयान, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेणुबाला,एमएसएमई की संयुक्त निदेशक संजीत कौर सहित सम्बंधित विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।