{"vars":{"id": "91925:5179"}}

बेरी स्थित ब्रह्मचारी जयराम दास पंचायती गौशाला में एसडीएम रेणुका नांदल ने नवनिर्मित शेड का किया उद्घाटन

बेरी स्थित ब्रह्मचारी जयराम दास पंचायती गौशाला में एसडीएम रेणुका नांदल ने नवनिर्मित शेड का किया उद्घाटन
 

गोवंश की सेवा सामाजिक जिम्मेदारी का कार्य : एसडीएम

बेरी (झज्जर),

स्थानीय ब्रह्मचारी जयराम दास पंचायती गौशाला परिसर में सोमवार को एसडीएम रेणुका नांदल ने दुधारू गायों के लिए नवनिर्मित शेड का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर गौशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जयभगवान जांगड़ा और अन्य पदाधिकारियों ने एसडीएम का स्वागत किया।

गौशाला प्रधान जयभगवान जांगड़ा ने एसडीएम रेणुका नांदल को गौशाला की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर एसडीएम रेणुका नांदल ने कहा कि प्रदेश सरकार गौसंरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। गोवंश का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता भी जरूरी है। गौशालाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि दुधारू गायों के लिए नवनिर्मित शेड एक सराहनीय पहल है। इससे गायों को बेहतर आश्रय मिलेगा और उनकी देखभाल करने में भी सुविधा होगी।

एसडीएम ने गौशाला प्रबंधन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गोवंश की सेवा और संरक्षण पुण्य के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का कार्य भी है। गौशालाओं में स्वच्छता, पर्याप्त चारे-पानी तथा पशुओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। समाज के लोगों और सामाजिक संगठनों को भी गौशालाओं के संचालन एवं विकास में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।

यह गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद

इस अवसर पर सूबेदार धीर सिंह, गौशाला सचिव नरेश कादयान, सुपरवाइजर जितेंद्र शर्मा, चरण सिंह, जगवीर सिंह, पंडित ईश्वर, श्याम सुंदर शर्मा, रामधन शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।