{"vars":{"id": "91925:5179"}}

झज्जर स्थित बाल भवन में सीटीएम ऋतु ने दीप प्रज्वलित कर चार दिवसीय बाल महोत्सव 2026 का किया शुभारंभ

झज्जर स्थित बाल भवन में सीटीएम ऋतु ने दीप प्रज्वलित कर चार दिवसीय बाल महोत्सव 2026 का किया शुभारंभ
 

जीत के साथ उत्साह और मेहनत से भाग लेना बड़ी उपलब्धि : सीटीएम

झज्जर,

जिला मुख्यालय स्थित बाल भवन में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में मंगलवार से चार दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव-2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया। सीटीएम ऋतु ने दीप प्रज्वलित करते हुए महोत्सव का आगाज किया। आगामी 6 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में जिला के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल बाल कल्याण  अधिकारी अनिल मलिक ने की। जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने सभी अतिथिगण का स्वागत किया।

बच्चों की प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच है बाल महोत्सव मुख्य अतिथि सीटीएम ऋतु ने कहा कि बाल महोत्सव बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है उसे उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी कला, रचनात्मकता और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।  उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में केवल जीतना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि पूरे उत्साह और मेहनत के साथ भाग लेना भी अपने आप में एक उपलब्धि है।

बचपन की यादें साझा कर बच्चों को दिया मेहनत का संदेश सीटीएम ऋतु ने बाल भवन के वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें अपनापन महसूस हो रहा है और बचपन की यादें ताजा हो गई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने बचपन के अनुभव साझा किए और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, निरंतर मेहनत तथा समय के सदुपयोग का मंत्र दिया। उन्होंने बच्चों से अपनी रुचि के अनुसार गतिविधियों में भाग लेने और प्रत्येक अवसर से कुछ नया सीखने का आह्वान किया।

जिला स्तर के विजेता मंडल और राज्य स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा हुड्डा ने बताया कि 6 नवंबर तक आयोजित होने वाले बाल महोत्सव में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक, सांस्कृतिक और कलात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं,जिसमें लगभग 700 बच्चे भाग ले रहे हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता मंडल स्तर पर आयोजित प्रतिस्पर्धा में भाग लेंगे। वहीं फैंसी ड्रेस, क्ले मॉडलिंग, दीया-कैंडल, कार्ड मेकिंग, भाषण,  कलश सजावट, फन गेम, हैंडराइटिंग, रंगोली  जैसी निर्धारित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर स्कूलों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक क्षमता, कलात्मक कौशल और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को 14 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रवक्ता संजय शर्मा और कृष्ण वशिष्ठ ने संयुक्त रूप से किया।