{"vars":{"id": "91925:5179"}}

ड्राफ्ट मतदाता सूची से छूटे लोगों को नाम जुड़वाने का मिलेगा एक और अवसर : डीसी

ड्राफ्ट मतदाता सूची से छूटे लोगों को नाम जुड़वाने का मिलेगा एक और अवसर : डीसी
 

एएसडीडी श्रेणी में चिन्हित मतदाता एन्यूमरेशन फॉर्म व निर्धारित घोषणा पत्र जमा करवाकर अंतिम मतदाता सूची में शामिल करवा सकेंगे नाम

बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे संपर्क, मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर दोबारा प्रदर्शित होंगी छूटे मतदाताओं की सूची

डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बैठक में दिए दिशा निर्देश

झज्जर, 10 नवंबर

भारत निर्वाचन आयोग के तहत चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित रह गए मतदाताओं के लिए अच्छी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग ने ऐसे मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए एक और अवसर प्रदान किया है। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने लघु सचिवालय सभागार में सम्बंधित अधिकारियों की बैठक ली और बताया कि जिन मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म जारी किए गए थे, लेकिन अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट (एएसडीडी) के रूप में चिह्नित होने के कारण उनके फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए और नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके, वे अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत दोबारा अपना फॉर्म जमा करवा सकेंगे। इससे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री ए.श्रीनिवास ने एसआईआर के मद्देनजर आवश्यक जानकारी दी।

मतदाताओं की सूची दोबारा होगी प्रदर्शित, बीएलओ करेंगे संपर्क डीसी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार ऐसे सभी मतदाताओं की बूथवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। इसके साथ ही ये सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी पीडीएफ प्रारूप में अपलोड हैं। इनमें मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं होने के संभावित कारण भी दर्शाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि संबंधित बीएलओ राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के सहयोग से ऐसे मतदाताओं तक पहुंचेंगे। इसके लिए घर-घर जाकर संपर्क करने, पड़ोसियों एवं परिवार के सदस्यों से जानकारी लेने तथा उपलब्ध मोबाइल नंबरों के माध्यम से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएलओ मतदाताओं को फॉर्म भरने और जमा करवाने की प्रक्रिया के बारे में भी मार्गदर्शन देंगे।

पुराने ईपीआईसी नंबर से डाउनलोड कर सकेंगे एन्यूमरेशन फॉर्म :डीसी डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि ऐसे सभी एएसडीडी मतदाताओं के आंशिक रूप से भरे हुए एन्यूमरेशन फॉर्म ईसीआईनेट  के ईआरओ डैशबोर्ड पर दोबारा तैयार किए जाएंगे। बीएलओ के माध्यम से फॉर्म भौतिक रूप से अथवा व्हाट्सएप, ई-मेल और एसएमएस जैसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। मतदाता अपने पुराने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप पर जाकर भी अपना फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं और उसे भर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, वे भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म इस घोषणा पत्र के साथ जमा करवाएंगे कि वे पहले फॉर्म क्यों जमा नहीं करवा सके। यह फॉर्म संबंधित ईआरओ, एईआरओ अथवा बीएलओ को स्वयं या परिवार के किसी वयस्क सदस्य के माध्यम से दिया जा सकता है। इसके अतिरिक्त ईसीआईनेट पर ई-साइन के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म जमा करवाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

राज्य के भीतर स्थान बदलने वालों को फॉर्म-8 भरने की जरूरत नहीं डीसी ने बताया कि जिन मतदाताओं ने राज्य के भीतर ही अपना निवास स्थान बदल लिया है, उन्हें फॉर्म-8 भरने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाता नए पते और विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए एन्यूमरेशन फॉर्म के साथ निर्धारित घोषणा पत्र तथा नए पते का प्रमाण संबंधित विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ/एईआरओ को जमा करवा सकते हैं। वे नए निवास स्थान के मतदान केंद्र के बीएलओ से भी सहायता ले सकते हैं। बीएलओ से संपर्क करने के लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और ईसीआईनेट ऐप पर 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' की सुविधा भी उपलब्ध है। बेघर व्यक्तियों के पास पते का कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के रूप में पर्याप्त माना जाएगा।

पहले ही फॉर्म-6 जमा करवाने वालों को दोबारा आवेदन की जरूरत नहीं डीसी ने बताया कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर के दौरान नए सिरे से नाम दर्ज करवाने के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा एन्यूमरेशन फॉर्म और घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। उनके आवेदन आयोग के 3 नवंबर 2026 के स्पष्टीकरण के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत निपटाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी फॉर्मों की संबंधित ईआरओ द्वारा मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत जांच एवं आवश्यक सत्यापन किया जाएगा। पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के फॉर्म अलग रखे जाएंगे और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। ऐसे मामलों में मतदाता को एसआईआर से पहले आवंटित वही ईपीआईसी नंबर दोबारा दिया जाएगा।

अंतिम मतदाता सूची में पात्र मतदाता का नाम शामिल करवाना प्रशासन की प्राथमिकता जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग के इन निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।  विशेष रूप से बेघर व्यक्तियों और ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करने वाला कोई भी मतदाता अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के अवसर से वंचित न रहे। इसके साथ ही मतदाता सूची में दोहरे पंजीकरण की संभावना को रोकने के लिए भी पूरी सतर्कता बरती जाएगी।