ग्रीन पटाखों की बिक्री से लेकर इस्तेमाल तक प्रशासन की रहेगी कड़ी निगरानी, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश, चारों उपमंडलों में गठित की संयुक्त निरीक्षण टीमें
7 व 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 और रात 8 से 10 बजे तक ही चला सकेंगे ग्रीन पटाखे, 9 नवंबर से फिर लागू होगा पूर्ण प्रतिबंध
दिल्ली-एनसीआर में पटाखों के इस्तेमाल को लेकर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी आदेशों की जिला झज्जर में सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सजग है।। डीसी वर्षा खांगवाल ने स्पष्ट किया कि जिला में ग्रीन पटाखों की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार 7 और 8 नवंबर को केवल सीएसआईआर-नीरी से अनुमोदित ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति होगी। इसके लिए सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के अलावा पटाखे चलाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए व्यापारियों के निरस्त लाइसेंस 4 से 6 नवंबर तक अस्थायी रूप से बहाल किए गए हैं। 6 नवंबर तक पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थानों पर होगी। 9 नवंबर से पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध दोबारा प्रभावी हो जाएगा।
चारों उपमंडलों में संयुक्त टीमें करेंगी निगरानी, अवैध पटाखे मिलने पर होगी जब्ती
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी और अनुपालना के लिए एडीसी जगनिवास को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके समन्वय में पुलिस, नगर निकायों, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग आदेशों की पालना सुनिश्चित करेंगे।
अधिकरियों की टीमें गठित
उन्होंने बताया कि झज्जर, बहादुरगढ़, बादली और बेरी उपमंडलों में संयुक्त निरीक्षण एवं गश्ती टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में संबंधित एसडीएम, सहायक पुलिस आयुक्त, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि, बीडीपीओ, नगर निकायों के अधिकारी, अग्निशमन विभाग के प्रतिनिधि तथा आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारी शामिल हैं। टीमें पुलिस के साथ मिलकर निर्धारित बिक्री स्थलों का निरीक्षण करेंगी और ग्रीन पटाखों के क्यूआर कोड की रैंडम जांच करेंगी। अवैध अथवा पारंपरिक पटाखे मिलने पर उन्हें जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निर्धारित स्थानों पर ही होगी बिक्री, ऑनलाइन खरीद-फरोख्त पर भी रोक
डीसी ने निर्देश दिए कि ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए पुलिस के परामर्श से निर्धारित स्थलों की सूची तैयार कर अनुमोदन के बाद उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी पटाखों की बिक्री नहीं होगी और न ही ऑनलाइन माध्यम से बिक्री की अनुमति होगी। जिला प्रवेश मार्गों पर पुलिस द्वारा वाहनों की जांच कर अवैध एवं पारंपरिक पटाखों की आवक रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में 300 मीटर तक नो-क्रैकर जोन
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, शिक्षण संस्थानों और अधिसूचित शांत क्षेत्रों के 300 मीटर के दायरे में नो-क्रैकर जोन चिह्नित किया गया है । इन क्षेत्रों में पटाखों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। इसके अलावा निर्धारित बिक्री स्थलों और दुकानों पर आवश्यक दिशा-निर्देशों वाले बैनर लगाए जाएंगे तथा प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान में प्रमुख स्थान पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की प्रति प्रदर्शित करनी होगी।
नियमों का उल्लंघन करने पर जब्त होगी सुरक्षा राशि, लाइसेंस भी होगा रद्द
डीसी ने कहा कि पटाखा निर्माताओं एवं व्यापारियों से निर्धारित मौद्रिक सुरक्षा राशि जमा करवाना सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर यह राशि जब्त करने के साथ संबंधित व्यापारी का लाइसेंस तत्काल रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा।