{"vars":{"id": "91925:5179"}}

डीसी वर्षा खांगवाल ने बैठक लेकर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, सुबह 9 बजे शुरू होगा जिला स्तरीय समारोह

डीसी वर्षा खांगवाल ने बैठक लेकर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, सुबह 9 बजे शुरू होगा जिला स्तरीय समारोह
 

हरियाणा की 60 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा का साक्षी बनेगा झज्जर

एक नवंबर को झज्जर में मनाई जाएगी हीरक जयंती

राजकीय नेहरू पीजी महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में होगा जिला स्तरीय समारोह

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से भी लाइव जुड़ेंगे झज्जरवासी

झज्जर, 30 अक्टूबर

हरियाणा प्रदेश के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार, एक नवंबर को मनाई जाने वाली हीरक जयंती को लेकर झज्जर जिला में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। रविवार को राजकीय नेहरू पीजी महाविद्यालय, झज्जर के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश की छह दशक की विकास यात्रा, उपलब्धियों और गौरवशाली इतिहास को उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यातिथि राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू के सन्देश व समारोह का लाइव प्रसारण होगा जिसमें झज्जर के लोगों का जुड़ाव रहेगा। जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की और कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होना प्रदेश के लिए गौरव और उत्सव का अवसर है। हीरक जयंती केवल एक समारोह नहीं, बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और जनभागीदारी को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

डीसी ने कहा कि हीरक जयंती समारोह का उद्देश्य प्रदेश की इस गौरवशाली विकास यात्रा को याद करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को हरियाणा के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और उपलब्धियों से परिचित करवाना है। यह अवसर प्रदेशवासियों में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और हरियाणवी संस्कृति के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करेगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साउंड सिस्टम, सुरक्षा और अन्य जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि हरियाणा की 60 वर्षों की यह यात्रा प्रदेशवासियों के परिश्रम, संकल्प और सामूहिक प्रयासों की कहानी है। हीरक जयंती समारोह के माध्यम से प्रदेश की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को भी नई ऊर्जा मिलेगी। डीसी ने जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की है कि वे इस गौरवपूर्ण अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में भागीदारी करते हुए हरियाणा की विकास यात्रा के इस ऐतिहासिक उत्सव के साक्षी बनें।