{"vars":{"id": "91925:5179"}}

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा-सीवरेज व सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों की पालना अनिवार्य

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा-सीवरेज व सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों की पालना अनिवार्य
 

**बिना सेफ्टी किट के कोई भी सफाई कर्मचारी सीवर लाइन में न उतरे : डीसी

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

डीसी ने संबंधित विभागों को प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश**

झज्जर,

सीवरेज और सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी सफाई कर्मचारी को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और सेफ्टी किट के सीवर लाइन या सेफ्टी टैंक में प्रवेश न करने दिया जाए। सफाई कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी कर्मचारी के साथ कोई अप्रिय घटना न हो। यह निर्देश डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दिए। बैठक से पहले राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने और सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

डीसी ने कहा कि सीवरेज और सेफ्टी टैंक की सफाई अत्यंत संवेदनशील कार्य है। इसमें थोड़ी सी लापरवाही भी सफाई कर्मचारियों के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है। इसलिए संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि सफाई कार्य में लगे प्रत्येक कर्मचारी को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं। बिना सेफ्टी किट, आवश्यक सुरक्षा प्रबंध और निर्धारित प्रक्रिया के किसी भी कर्मचारी को सीवर लाइन में न उतारा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्य की निगरानी भी प्रभावी ढंग से की जाए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।

सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश डीसी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से प्रशासन की ओर से निरंतर स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच हो सके और जरूरत पड़ने पर उन्हें समय पर उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रखा जाए और प्रत्येक पात्र सफाई कर्मचारी तक इनका लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी सफाई कर्मचारी को कार्य के दौरान परेशानी आने या किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर संबंधित विभाग तुरंत संज्ञान लें।

डीसी ने कहा कि जरूरतमंद सफाई कर्मचारियों की हर संभव मदद की जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। साथ ही राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना भी सम्बंधित विभाग सुनिश्चित करें। डीसी ने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि सीवरेज व सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन हो। प्रशासन का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध करवाना, उनके स्वास्थ्य की देखभाल करना तथा उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसीपी रमेश गुलिया, जिला कल्याण अधिकारी सीमा रानी-सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।