{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कचरा जलाने से बिगड़ती हवा, सेहत पर भी पड़ता है गंभीर असर : डीसी

कचरा जलाने से बिगड़ती हवा, सेहत पर भी पड़ता है गंभीर असर : डीसी
 

डीसी वर्षा खांगवाल की अपील—कचरा जलाने के बजाय अपनाएं उचित निस्तारण, स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त झज्जर बनाने में निभाएं भागीदारी

झज्जर, 21 अक्टूबर। डीसी वर्षा खांगवाल ने आमजन से ठोस कचरे को खुले में न जलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे वायु प्रदूषण बढ़ता है और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा पैदा होता है। कचरे से निकलने वाला धुआं बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष रूप से प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने नागरिकों से कचरे का उचित निस्तारण करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने का आह्वान किया। डीसी ने कहा कि प्लास्टिक सहित अन्य ठोस कचरा जलाने से हानिकारक गैसें और सूक्ष्म कण वातावरण में फैलते हैं, जिससे वायु, मिट्टी और जल प्रदूषण का खतरा बढ़ता है। उन्होंने घरों, दुकानों और संस्थानों में गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को पृथक करने तथा नगर निकायों की कचरा संग्रहण सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने संबंधित विभागों को जागरूकता बढ़ाने और कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कचरा न जलाएं, नियमों का पालन करें और स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषण मुक्त झज्जर के निर्माण में सहभागी बनें।