सेवा संकल्प अभियान के तहत क्रिकेट स्टेडियम में आज सजेगी मानव श्रृंखला
रंगों से दिखेगी विकसित भारत की झलक
क्रिकेट स्टेडियम में मानव श्रृंखला से साकार होगा विकसित भारत @ 2047 का संकल्प
सेवा, सहयोग और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला में 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को झज्जर में दिल्ली रोड स्थित क्रिकेट स्टेडियम परिसर में मानव श्रृंखला और प्राकृतिक रंगोली का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सहभागिता से मानव श्रृंखला के माध्यम से विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार रंगोली पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति का संदेश देगी। डीईओ रतींद्र सिंह ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में झज्जर जिला में अभियान के तहत जनभागीदारी बढ़ाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने के लिए रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह कार्यक्रम रंगों, रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम बनेगा। इसमें विद्यार्थी अनुशासित ढंग से पंक्तिबद्ध होकर सेवा संकल्प अभियान की मानव श्रृंखला तैयार करेंगे। इसके माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका, सामूहिक प्रयासों की महत्ता और देश के उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया जाएगा। प्राकृतिक रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्राकृतिक रंगोली होगी, जिसे प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यावरण के अनुकूल संसाधनों के उपयोग, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पारंपरिक भारतीय कला को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा। प्राकृतिक सामग्रियों से उकेरी जाने वाली रंगोली में विकसित भारत @ 2047 की परिकल्पना की झलक देखने को मिलेगी। शिक्षा विभाग ने तेज की तैयारियां कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक के नेतृत्व में आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सेवा संकल्प अभियान का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचे। डीईओ ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अनुशासन, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की भावना को मजबूत करते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनभागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयासों को नई ऊर्जा दी जा रही है।