झज्जर के ASI ने चंडीगढ़ में किया सुसाइड, भतीजी की शादी के लिए छुट्टी न मिलने से थे परेशान
हरियाणा के झज्जर के रहने वाले ASI ने अपने सरकारी आवास पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बीते मंगलवार दोपहर को एएसआई अपनी ड्यूटी खत्म करके घर लौटे थे। जिसके बाद कमरे में फंदे पर उनका शव लटका हुआ मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से झज्जर के जाखौदा के रहने वाले 50 वर्षीय एएसआई सतपाल सिंह चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच में मालखाना मुंशी के रूप में कार्यरत थे। वह वर्तमान में चंडीगढ़ सेक्टर 42 स्थित सरकारी आवास में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। परिवार के सब लोग सोनीपत गए हुए थे। इसी बीच मंगलाव को सतपाल ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
दो भाईयो की हो चुकी है मौत
परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले सतपाल के दो सगे भाइयों की मौत हो गई थी। ऐसे में सोनीपत में होने वाली उनकी भतीजी की शादी की पूरी जिम्मेदारी भी सतपाल पर ही थी। इस शादी के लिए उन्होंने करीब एक महीने (30 दिन) की छुट्टी मांगी, लेकिन उन्हें सिर्फ पांच दिन की छुट्टी मिली।
30 दिन की छुट्टी के लिए दोबारा किया आवेदन
बीते रविवार को सतपाल ने पत्नी और बच्चों को सोनीपत भेज दिया। इसके बाद फिर से 30 दिन की छुट्टी के लिए आवेदन किया था, जिसे खारिज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि छुट्टी न मिलने को लेकर भी वे काफी परेशान थे।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
मंगलवार दोपहर को सतपाल ड्यूटी से घर लौटे। रात में उनकी पत्नी ने उन्हें कई बार कॉल किया। लेकिन उन्होनें कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद पत्नी ने पड़ोसी को मौके पर भेजा, तो सतपाल फंदे से लटके मिले। पड़ोसी ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है, हालांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।