{"vars":{"id": "91925:5179"}}

राष्ट्रीय सर्वेक्षण के लिए झज्जर शहर सहित कई गांव चयनित : डीसी

राष्ट्रीय सर्वेक्षण के लिए झज्जर शहर सहित कई गांव चयनित : डीसी
 

नवंबर माह में एनएसओ की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में करेंगी सर्वेक्षण, रोजगार से लेकर आय, यात्रा और उपभोक्ता मूल्य तक जुटाए जाएंगे आंकड़े

सर्वेक्षण टीमों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करें नागरिक, प्राप्त आंकड़ों से तैयार होंगी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाएं

झज्जर, 03 नवंबर।    

भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा नवंबर माह में झज्जर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सर्वेक्षण संचालित किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं से जुड़े आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे, जिनका उपयोग केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, नीति निर्धारण तथा विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने में किया जाएगा।

डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि झज्जर जिला में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के अंतर्गत नवंबर माह में झज्जर शहर और गांव खेड़ी आसरा का चयन किया गया है। इस सर्वेक्षण के माध्यम से रोजगार, बेरोजगारी एवं श्रम भागीदारी से संबंधित आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे, जिससे श्रम क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी। वहीं, वार्षिक असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण के लिए बहादुरगढ़ को चयनित किया गया है।

डीसी ने बताया कि राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण के तहत गांव बुपनिया में परिवारों से आय एवं आर्थिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। इसी प्रकार राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण तथा घरेलू पर्यटन व्यय सर्वेक्षण के लिए गांव धोड को चयनित किया गया है। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से नागरिकों की यात्रा संबंधी आदतों, पर्यटन पर होने वाले खर्च तथा परिवहन सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की जाएगी, जो भविष्य में बेहतर नीतियों के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगी।

डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के लिए जिला में गांव अकेहड़ी मदनपुर, झज्जर, जसौर खेड़ी, बहादुरगढ़ और महराणा गांवों को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं के मूल्य संबंधी आंकड़े एकत्र किए जाएंगे, जिनका उपयोग महंगाई दर एवं मूल्य सूचकांक के निर्धारण में किया जाएगा। वहीं, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश व कृषि परिवारों का स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण के लिए गांव नीलाहेड़ी को चिन्हित किया गया है, जबकि गैर निगमित क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के लिए गांव सांखोल का चयन किया गया है।

उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान प्रशिक्षित अधिकारी टैबलेट आधारित डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जानकारी एकत्रित करेंगे। सर्वेक्षण में नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। डीसी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में सर्वेक्षण के लिए आने वाली एनएसओ की टीमों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण से प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े सरकार को जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति समझने तथा जनहित में प्रभावी योजनाएं तैयार करने में मदद करेंगे। इससे विकास प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।