निरोगी जीवन के लिए प्राकृतिक चिकित्सा कारगर : डॉ. सुमन
झज्जर, 18 नवंबर।
विश्व प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को आयुष विभाग द्वारा गांव माछरौली जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। संस्थान प्राचार्य अनिल
श्योरान, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सुमन खरब और प्रवक्ता मांगेराम ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ सुमन खरब ने कहा कि संतुलित एवं प्राकृतिक आहार स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व, पौष्टिक एवं प्राकृतिक आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
प्राकृतिक जीवन शैली में योगाभ्यास का अहम योगदान : डॉ देशवाल
इस दौरान जिला योग समन्वयक डॉ पवन देशवाल ने योग की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने, खानपान में सुधार करने तथा योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ देशवाल ने मड थेरेपी, जल चिकित्सा सहित अन्य प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों का प्रदर्शन कर उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
वहीं एएमओ डॉ. नीलम और डॉ. अभिषेक ने प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न खाद्य पदार्थों के पोषक तत्वों, स्वास्थ्य लाभों और उनके दैनिक जीवन में उचित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्राकृतिक चिकित्सा विषय पर आयोजित विशेष व्याख्यान में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूनम एवं योग विशेषज्ञ बलदेव आचार्य ने प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों, महत्व तथा शरीर को स्वस्थ रखने में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिला के विभिन्न विद्यालयों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 86 शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, जिनमें पीटीआई, डीपीई एवं पीजीटी शामिल थे, ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्राकृतिक चिकित्सा, पौष्टिक आहार और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन, डॉ. जितेन्द्र एवं डॉ. प्रमोद भी मौजूद रहे।