अधिकारियों की टीम ने रावण दहन स्थल का किया संयुक्त निरीक्षण
दशहरा पर्व को लेकर झज्जर प्रशासन अलर्ट : डीसी
सुरक्षा, अग्निशमन और यातायात व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश
सुरक्षा मानकों की पालना में लापरवाही न बरतें आयोजक
झज्जर, 19 अक्टूबर।
दशहरा पर्व के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीसी वर्षा खांगवाल के निर्देश अनुसार अधिकारियों की टीम ने रावण दहन स्थल का निरीक्षण किया। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि दशहरा पर्व को लेकर झज्जर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। उन्होंने आयोजकों से कहा कि कार्यक्रम के दौरान सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों की नियमानुसार पालना सुनिश्चित करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। इसी कड़ी में सोमवार को एसडीएम रवि मीणा ने सम्बंधित अधिकारियों के साथ रावण दहन स्थल, पुराना बस स्टैंड और भगत सिंह चौक, झज्जर का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। एसडीएम रवि मीणा ने निरीक्षण के दौरान संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजकों को सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से किए जाएं। अधिकारियों ने आयोजन स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।