अनुसूचित जाति के पात्र व्यक्ति स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये तक के ऋण हेतु 31 दिसंबर तक करें आवेदन : डीसी
हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत आवेदन आमंत्रित
झज्जर, 29 अक्टूबर
हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा अनुसूचित जाति के बेरोजगार व्यक्तियों को स्वरोजगार स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को विभिन्न आय उपार्जन गतिविधियां शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। यह जानकारी डीसी वर्षा खांगवाल ने गुरुवार को यहां दी। डीसी ने बताया कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदक की परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के अनुसार वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख रुपये तक होनी चाहिए। आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह हरियाणा का स्थायी निवासी होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, आवेदक किसी बैंक, सरकारी वित्तीय संस्था अथवा निगम का पूर्व में डिफाल्टर नहीं होना चाहिए।
विभिन्न योजनाओं के तहत मिलेगा ऋण डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की बैंक टाईअप स्कीम के तहत अधिकतम 1 लाख 50 हजार रुपये, एनएसएफडीसी की सूक्ष्म वित्त योजना के तहत अधिकतम 1 लाख रुपये तथा सावधि ऋण योजना के तहत अधिकतम 2 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। इसी प्रकार, एनएसकेएफडीसी योजना के अंतर्गत विभिन्न आय उपार्जन गतिविधियों के लिए 1 लाख रुपये से 2 लाख रुपये तक के ऋण हेतु आवेदन किया जा सकता है।
ऑनलाइन और सरल केंद्रों के माध्यम से करें आवेदन डीसी ने पात्र व्यक्तियों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाएं। इच्छुक व्यक्ति निगम की आधिकारिक वेबसाइट hscfdc.org.in के माध्यम से अथवा नजदीकी निगम कार्यालय, सरल केंद्र या सीएससी सेंटर पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसलिए सभी पात्र आवेदक निर्धारित समय सीमा से पहले आवेदन करना सुनिश्चित करें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए निगम के दूरभाष नंबर 01251-256476 पर संपर्क किया जा सकता है।