गांव बिरोहड़ स्थित राजकीय कॉलेज में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
झज्जर, 14 अक्टूबर।** जिला में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में गांव बिरोहड़ स्थित राजकीय कॉलेज में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ थीम पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाले बनें। युवाओं के नए विचार, रचनात्मक सोच और समस्याओं के समाधान की क्षमता ही विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी।
लोकल समस्याओं के समाधान से मिलेंगे स्टार्टअप के नए अवसर जिला संयोजक दिनेश शेखावत ने कहा कि उद्यमिता की वास्तविक शुरुआत समाज की रोजमर्रा की समस्याओं को पहचानने और उनके व्यावहारिक समाधान खोजने से होती है। विद्यार्थियों को जल संरक्षण, पराली प्रबंधन, आधुनिक कृषि तकनीक (एग्री-टेक), ग्रीन एनर्जी और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नवाचार के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ युवाओं के विचारों को वास्तविक परियोजनाओं और स्टार्टअप में बदलने का अवसर प्रदान करता है।
सरकारी योजनाओं से मिल सकती है उद्यमिता को नई उड़ान कार्यशाला में एमएसएमई विभाग के उद्योग विस्तार अधिकारी नीरज सिंह ने विद्यार्थियों को सरकार की उद्यमिता प्रोत्साहन नीतियों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुद्रा योजना, क्रेडिट गारंटी स्कीम और इनक्यूबेशन सेंटर के माध्यम से मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तार से बताया। प्रभारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी कल्पना शक्ति को तकनीक के साथ जोड़ने और ‘सेवा फर्स्ट’ पोर्टल पर अधिक से अधिक संख्या में अपने प्रोजेक्ट पंजीकृत करवाने की अपील की। मंच संचालन डॉ. नरेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर अनिल शर्मा, प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह, सुनीता, निशा रानी, पवन, अंजलि दलाल, मोनिका, सतपाल सहित कॉलेज स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।