{"vars":{"id": "91925:5179"}}

नरवाना में DAP-यूरिया पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का बड़ा ऐलान, जानें

नरवाना में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने धान खरीद का जायजा लिया। किसानों को गेहूं बिजाई के लिए DAP-यूरिया की कमी न होने का भरोसा दिया। जानें क्या निर्देश दिए।
 

हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने वीरवार को नई अनाज मंडी मेला ग्राउंड का दौरा किया।

कैबिनेट मंत्री ने धान खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया और मंडी में उपलब्ध व्यवस्थाओं को जाना।

किसानों को आगामी गेहूं बिजाई सीजन के दौरान डीएपी और यूरिया खाद की कोई कमी नहीं रहने दी -श्याम सिंह राणा ।

नरेंद्र जेठी /नरवाना /15 अक्टूबर 2026 | अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने वीरवार को नई अनाज मंडी मेला ग्राउंड का दौरा किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने धान खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया और मंडी में उपलब्ध व्यवस्थाओं को जाना। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार के लिए किसान हित सर्वोपरि है और  सरकार का भरसक प्रयास है कि उनकी धान का एक-एक दाना समय पर खरीदा जाए।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि धान सीजन खरीद प्रक्रिया के दौरान किसान, आढ़ती,  मिलर्स और ट्रांसपोर्टर इत्यादि को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि धान का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाएगा और साथ ही उनकी पेमेंट सीधा बैंक खाता में किसान को निर्धारित समय में भेजे जाने के भी निर्देश दिए गए हैं । कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि किसानों को आगामी गेहूं बिजाई सीजन के दौरान डीएपी और यूरिया खाद की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी । किसानों की फसल को समुचित तरीके से खरीदा जाएगा और साथ ही उठान प्रक्रिया भी सुचारू रूप से चलेगी ।

मंत्री ने कहा की सरकार द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की सभी मंडियों में आधारभूत ढांचा को मजबूत और दुरुस्त किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडी में नए और मजबूत शेड  बनाए गए हैं , साथ ही किसान की फसल साफ और धूल मिट्टी से दूर रहे इसके लिए सीसी की सडक़ भी मंडियों में बनाई गई है । उन्होंने कहा कि खाद के लिए किसानों को लाइन लगाने की जरूरत नहीं है सिर्फ उनका मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर पंजीकरण जरूरी है जिस भी किसान का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होगा उसे पर्याप्त मात्रा में समय पर खाद अवश्य मुहैया करवाई जाएगी ।

कृषि मंत्री ने कहा कि वह खुद किसानी कर रहे हैं और किसानों की दिक्कतों को अच्छी प्रकार से समझते हैं।   खुले आसमान के नीचे किसान अपनी फसल उगाता है । और कई बार मौसमी मार की वजह से उसे दिक्कत पेश आती हैं लेकिन फिर भी सरकार हमेशा किसान को हर विपरीत परिस्थिति में भी उचित सहायता प्रदान करती है ।सभी मंडियों में खरीद कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और इसके लिए पुख्ता प्रबंध सरकार द्वारा किए गए हैं।

कृषि मंत्री ने अपने दौरे के दौरान किसानों से भी मुलाकात की और उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनी ।किसानों से बातचीत के दौरान कृषि मंत्री ने कहा की सभी उपायुक्तों को सरकार द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि उठान प्रक्रिया में बराबर संतुलन बनाए रखें ताकि ओर किसानों को अपनी धान मंडियों में लाने के लिए कोई समस्या का सामना न करना पड़े । इसके लिए ट्रांसपोर्टर व  मिलर्स को भी विशेष हिदायत दी गई है कि वे आवश्यकतानुसार अपने अतिरिक्त वाहन  लगाएं  ताकि उठान सुचारू रूप से जारी रहे और किसान को अपनी फसल लाने के लिए मंडी में आवश्यकतानुसार जगह मिलती रहे ।

उन्होंने कहा कि किसान की फसल को एमएसपी पर खरीदना सरकार द्वारा सुनिश्चित  किया गया।   कृषि मंत्री ने कहा की निर्धारित मापदंड के अनुसार किसान की फसल का एक-एक दाना खरीदा जा रहा है और खरीदा जाएगा। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि वह किसी भी प्रकार की चिंता ना करें और अपनी फसल सुखाकर ही मंडियों में लाएं ताकि उनको धान बिक्री के दौरान सुविधा बनी रहे। कृषि मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को और मार्केट कमेटी, डीएफएससी व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा के लिए  मंडियों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना,  स्वच्छ पेयजल,  बिजली आपूर्ति,  साफ सफाई तथा सुलभ शौचालय इत्यादि तमाम व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित रखी जाए ।

इसके बाद कृषि मंत्री ने उचाना की अनाज मंडी का भी दौरा किया और खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया । उचाना मंडी में भी किसानों से मुलाकात के दौरान कृषि मंत्री ने आश्वासन दिया। इस  अवसर पर  एसडीएम जगदीश चंद्र,  तहसीलदार विजय कुमार , सचिव मार्केट कमेटी रोशन लाल,  चेयरमैन मार्किट कमेटी अमित ढाकल, उप चेयरमैन सत्यप्रकाश सैनी,  पूर्व मंडी अध्यक्ष ईश्वर गोयल,  विनय मित्तल,  नरेश सैनी अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा अनेक किसान मौजूद रहे।