{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा पेंशनरों के लिए बड़ी खबर, पेंशनरों को नवंबर माह में जमा करवाने होंगे जीवित, गैर-विवाह एवं गैर-रोजगार प्रमाण पत्र-

हरियाणा के पेंशनरों को नवंबर 2026 में जीवित प्रमाण पत्र जमा करवाने होंगे। नरवाना, जींद और उचाना में नाम के अंग्रेजी अक्षर के अनुसार तारीखें तय। जानें पूरा शेड्यूल।
 

पेंशनरों को नवंबर माह में जमा करवाने होंगे जीवित, गैर-विवाह एवं गैर-रोजगार प्रमाण पत्र-

नाम के प्रथम अंग्रेजी अक्षर के अनुसार निर्धारित तिथियों पर ही जमा होंगे प्रमाण पत्र -

पेंशन बुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ओटीपी के लिए मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य-

घर बैठे मोबाइल फेस ऐप, पोस्ट ऑफिस व सीएससी सेंटर के माध्यम से भी जमा करवा सकेंगे जीवित प्रमाण पत्र-हजारा सिंह

नरवाना, 30 अक्तूबर (विनय जेठी)

जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह ने बताया कि सदर खजाना कार्यालय तथा इसके अधीनस्थ उप खजाना कार्यालय नरवाना, उचाना, एवं अलेवा में हरियाणा सरकार के पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को अपनी पेंशन सुचारू रूप से जारी रखने के लिए नवंबर 2026 में जीवित प्रमाण पत्र, गैर-विवाह प्रमाण पत्र तथा गैर-रोजगार प्रमाण पत्र ऑनलाइन माध्यम से जमा करवाने होंगे।

इस संबंध में जिला खजाना कार्यालय द्वारा सभी पेंशनरों के लिए विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। पेंशनरों को उनके नाम के प्रथम अंग्रेजी अक्षर के अनुसार निर्धारित तिथि पर ही संबंधित खजाना कार्यालय में उपस्थित होकर प्रमाण पत्र जमा करवाने होंगे। निर्धारित तिथि एवं अक्षर के अनुसार नहीं आने वाले पेंशनरों के प्रमाण पत्र जमा नहीं किए जाएंगे।

इसलिए सभी पेंशनरों से अपील है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही कार्यालय में पहुंचे, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि 02 नवम्बर को ए, 03 नवम्बर को बी, 04 नवम्बर को सी, डी, 5 नवम्बर को ई, एफ, 6 नवम्बर को जी, एच, 10 नवम्बर को आई, जे, 11 नवम्बर को के, एल, 12 नवम्बर को एम, एन, 13 नवम्बर को ओ, पी, क्यू, 16 व 17 नवम्बर को आर, 18 व 19 नवम्बर को एस, 20 नवम्बर को टी, यू, 23 नवम्बर को वी, डब्ल्यू, एक्स, वाई, जेड नाम के प्रथम अंग्रेजी अक्षर के अनुसार निर्धारित तिथियों को सम्बन्धित खजाना कार्यालयों में जमा करवा सकते है। इसी प्रकार 25 , 27 व 30 नवम्बर को सभी शेष पैंशनर अपना प्रमाण पत्र जमा करवा सकते है। इसके अलावा सफीदों, जुलाना व पिलुखेडा उप खजाना कार्यालयों के लिए भी यही नियम लागू रहेगें  ।  

प्रमाण पत्र जमा करवाते समय इन दस्तावेजों को साथ लाना अनिवार्य जिला खजाना अधिकारी ने बताया कि जीवित प्रमाण पत्र जमा करवाने के लिए सभी पेंशनरों को अपनी पेंशन बुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा ओटीपी प्राप्त करने के लिए मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य है। वहीं, सभी पारिवारिक पेंशनरों को गैर-विवाह प्रमाण पत्र जमा करवाने के लिए स्वयं उपस्थित होना होगा।

घर बैठे भी जमा करवा सकते हैं जीवित प्रमाण पत्र उन्होंने बताया कि पेंशनरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घर बैठे जीवित प्रमाण पत्र जमा करवाने की व्यवस्था भी उपलब्ध करवाई गई है। इसके तहत पेंशनर मोबाइल फेस ऐप, पोस्ट ऑफिस अथवा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की सहायता से ऑनलाइन अपना जीवित प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं। इसकी पूरी प्रक्रिया वीडियो सहित हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में संबंधित पोर्टल के लॉग-इन पेज पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, यदि कोई पेंशनर शय्याग्रस्त है और खजाना कार्यालय में स्वयं आने में असमर्थ है तो वह सक्षम चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी मेडिकल प्रमाण पत्र कोषालय में जमा करवा सकता है, ताकि नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा सके।

आधार बायोमेट्रिक अपडेट करवाने की अपील जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह ने बताया कि खजाना कार्यालय द्वारा सभी पेंशनरों से विशेष अपील की गई है कि वे ऑनलाइन जीवित प्रमाण पत्र जमा करवाने से पहले नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर अपना बायोमेट्रिक डाटा अपडेट अवश्य करवा लें। इससे ऑनलाइन प्रमाण पत्र जमा करवाते समय आधार बायोमेट्रिक का तत्काल मिलान हो सकेगा और प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। जिला खजाना कार्यालय ने सभी पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से निर्धारित समय पर अपने आवश्यक प्रमाण पत्र जमा करवाने की अपील की है, ताकि उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रह सके