Haryana Roadways: जींद से अमृतसर के लिए नई बस सेवा शुरू, सफीदों होकर जाएगा रूट; जानें किराया और दूरी!
जींद। एक महीने पहले सफीदों से अमृतसर के लिए शुरू की गई रोडवेज बस सेवा का विस्तार करते हुए अब इसे जींद से चलाया गया है। पहले दिन जींद से 25 यात्रियों ने इस बस में सफर किया, और आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
सफीदों से कम यात्री मिलने के कारण परिवहन विभाग ने यह बदलाव किया है। पहले यह बस सफीदों से सुबह 7:00 बजे चलकर असंध, कैथल, चीका और पटियाला होते हुए लगभग 10 घंटे में अमृतसर पहुंचती थी, और अगले दिन सुबह 5:40 बजे वापसी के लिए रवाना होती थी।
नई समय-सारणी के अनुसार, अब यह बस जींद से सुबह 6:00 बजे रवाना होकर सफीदों पहुंचती है और वहां से सुबह 7:00 बजे अपने पुराने रूट (असंध, कैथल, चीका, पटियाला) से होते हुए अमृतसर जाती है। जींद से वाया सफीदों होकर अमृतसर की कुल दूरी लगभग 416 किलोमीटर है, जिसका किराया 550 रुपये निर्धारित किया गया है। अब यह बस करीब 11 घंटे में अमृतसर का सफर पूरा करेगी।
इसके साथ ही एक और बस जींद से अमृतसर के लिए जाती है, जो सुबह साढ़े नौ बजे अमृतसर के लिए रवाना होती है, जो वाया संगरूर और पातड़ा के रास्ते अमृतसर पहुंचती है। ऐसे में जींद से अमृतसर जाने के लिए अब जींद के यात्रियों को दो विकल्प मिल गए हैं।
जींद से वाया सफीदों होकर अमृतसर के लिए बस शुरू की गई है। जींद से सुबह छह बजे बस चलकर सफीदों जाएगी और पहले की तरह सात बजे सफीदों से वाया असंध, कैथल, पटियाला के रास्ते अमृतसर पहुंचेगी। सफीदों से अमृतसर के लिए यात्री कम जा रहे थे। जींद से बस चलाने पर उम्मीद है कि बस में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। -सुनील पूनिया, डीआइ बस स्टैंड