जींद रोहतक रोड: 5 महीने बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं
जींद की रोहतक रोड पर 5 महीने बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। राजकुमार गोयल ने मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल और जल्द सड़क निर्माण की मांग की।
Sep 26, 2026, 16:02 IST
अग्रवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गोयल का आरोप, मुख्यमंत्री ने 5 महीने पहले रोहतक रोड की सड़क बनाने की कि थी घोषणा लेकिन आज तक नहीं बनी यह सड़क, मुख्यमंत्री की यह घोषणा मात्र घोषणा ही बनकर रह गई है, सड़क पर कोई काम शुरू नही हुआ है, सड़क के हालात बद से बदतर, गोयल ने की मांग सड़क पर निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए, रोहतक रोड पर गड्ढों का राज, चार साल से बदहाल सड़क पर लोगों का चलना हुआ मुश्किल, 5 अप्रैल को मुख्यमंत्री ने किया था सड़क बनाने का ऐलान, अब तक निर्माण शुरू नही होने से लोगों में रोष जींद /26 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 5 अप्रैल को जीन्द में आयोजित रैली में रोहतक रोड की सड़क बनाने की घोषणा की थी। घोषणा को करीबन 5 महीने बीत चूके है लेकिन मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी आज तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नही हुआ जिसके चलते लोगों में भारी रोष है। गोयल ने मांग की है कि इस सड़क पर निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए। गोयल का कहना है कि शहर की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल रोहतक रोड की सड़क अब सड़क कम और गड्ढों का जाल ज्यादा नजर आ रही है। देवीलाल चौक से लेकर रोहतक रोड बाईपास तक करीबन दो किलोमीटर लम्बी सड़क पिछले करीब चार साल से बदहाल है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं और इस मार्ग से गुजरना वाहन चालकों के लिए लगातार मुश्किल होता जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि 5 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद दौरे के दौरान इसी सड़क के निर्माण की घोषणा की थी। घोषणा को पांच महीने बीत चुके हैं लेकिन अभी तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ। ऐसे में लोगों का सवाल है कि आखिर मुख्यमंत्री की घोषणा को धरातल पर आने में और कितना समय लगेगा? गोयल का कहना है कि रोहतक रोड से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों को गड्ढों के बीच से रास्ता तलाशकर निकलना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और भी गंभीर है। कहीं सड़क उखड़ी हुई है तो कहीं गहरे गड्ढे दिखाई देते हैं। गोयल का कहना है कि इस सड़क को लेकर दर्जनों बार प्रशासन और सरकार के सामने मांग रखी जा चुकी है। हर बार जल्द निर्माण शुरू करवाने का आश्वासन मिलता रहा लेकिन धरातल पर काम दिखाई नहीं दिया। अब मुख्यमंत्री की घोषणा के 5 महीने बाद भी निर्माण शुरू न होने से लोगों की नाराजगी बढ़ रही है। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि रोहतक रोड को लेकर 5 अप्रैल को की गई घोषणा पर तत्काल अमल किया जाए। उन्होंने कहा कि चार साल से लोग परेशानी झेल रहे हैं अब घोषणा नहीं बल्कि सड़क पर काम दिखाई देना चाहिए।
गड्ढे ज्यादा, सड़क कम चार साल से टूटी पड़ी रोहतक रोड को लेकर लोग बेहद परेशान हैं। दर्जनों बार सड़क निर्माण की मांग उठाई जा चुकी है लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ। अब हालात यह हैं कि सड़क पर गड्ढे ज्यादा और सड़क कम नजर आती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। राजकुमार गोयल की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाए। 4 साल पहले भी करना पड़ा था संघर्ष पिछले लम्बे समय से रोहतक रोड़ की लडाई लड रहे राजकुमार गोयल का कहना है कि रोहतक रोड की कहानी नई नहीं है। करीब 6 साल पहले भी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों ने बड़े स्तर पर आवाज उठाई थी। करीबन 2 साल तक दर्जनों धरने और प्रदर्शन करने पड़े थे। तब जाकर 4 साल पहले सड़क का निर्माण हुआ था। जब 4 साल पहले सड़क बनी तो बनते ही टूटने लगी। अब 4 साल से लोग टूटी सड़क के सहारे से काम चला रहे है। अब यह सड़क टूट टूट कर पूरी तरह से खंडहर हो चुकी है। राजकुमार गोयल का कहना है कि शायद इस बार भी यह सड़क आंदोलन की बाट जोह रही है।