Train Speed Update: जींद-सोनीपत रेल रूट पर बड़ा बदलाव! अब 110 KM की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें, रेलवे ने दी मंजूरी
जींद: रेलवे यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है, क्योंकि जल्द ही जींद से सोनीपत ट्रैक पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने वाली है। इस रेलवे मार्ग पर अब ट्रेनें 110 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ती हुई नजर आएंगी।
दिल्ली मंडल द्वारा 20 जुलाई को भेजे गए प्रस्ताव को उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य अभियंता अजय शर्मा ने मंजूरी दे दी है, जिसके तहत सोनीपत से पांडू पिंडारा तक रेलखंड की गति सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। यह अनुमति सोनीपत और पांडू पिंडारा रेलवे स्टेशनों को छोड़कर, बीच के विद्युतीकृत सिंगल लाइन रेलखंड के लिए दी गई है।
सुबह सवा छह बजे जाती है ट्रेन
पांडू पिंडारा जींद के पास स्थित है, इसलिए इस फैसले का लाभ जींद रेलमार्ग पर भी मिलेगा। जींद से सोनीपत रूट पर चार ट्रेनें चलती हैं, जिनमें हाइड्रोजन ट्रेन भी शामिल है।
जींद से सुबह छह बजकर 15 मिनट पर पहली ट्रेन चलती है, जो सुबह लगभग पौने नौ बजे तक सोनीपत पहुंचती है। इसके अलावा सुबह सात बजकर 40 मिनट पर जींद से हाइड्रोजन ट्रेन सोनीपत जाती है, जो नौ बजकर 40 मिनट पर सोनीपत पहुंचती है।
बता दें कि साढ़े 10 बजे जाने वाली ट्रेन दोपहर बाद 12 बजकर 40 मिनट और दोपहर साढ़े 12 बजे जाने वाली ट्रेन ढाई बजे तक सोनीपत पहुंचती है। ट्रेनों की अधिकतम गति बढ़ाने के लिए रेलवे को ट्रैक, पुल, ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर और सिग्नल सिस्टम की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होती है।
110 किलोमीटर की स्पीड से दौड़ेगी ट्रेन
रेलवे ने भी गति बढ़ाने के साथ इन सभी व्यवस्थाओं से जुड़े सुरक्षा प्रमाणपत्रों की शर्तों का पालन अनिवार्य किया है। दिल्ली मंडल के डीआरएम पुष्पेंद्र रमन त्रिपाठी बताते है कि सोनीपत-जींद रेलखंड की गति सीमा बढ़ाने की स्वीकृति दी गई है।
वहीं, रोहतक-पानीपत रेलखंड पर भी 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के लिए सिग्नल सिस्टम का फिटनेस प्रमाणपत्र जारी हो चुका है। जल्द ही 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें दौड़नी शुरू हो जाएंगी। इस फैसले से न केवल मौजूदा रेल सेवाओं को गति मिलेगी।