नरवाना: बनभौरी धाम की 59वीं निशुल्क बस यात्रा रवाना
नवरात्रों में स्व. लाला धर्मपाल सिंगला की स्मृति में 59वीं निशुल्क बनभौरी धाम बस यात्रा रवाना
नरवाना /नरेंद्र जेठी / 11 अक्टूबर 2026 / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
अग्रवाल जन जागरण मंच नरवाना के तत्वावधान में प्रतिष्ठित सिंगला परिवार द्वारा स्व. लाला धर्मपाल सिंगला की स्मृति में बनभौरी धाम के लिए 59वीं निशुल्क बस यात्रा रवाना की गई। पिछले कई वर्षों से सिंगला परिवार द्वारा यह जनसेवा निरंतर जारी है।
बस यात्रा को त्रिवेणी चौक, हुड्डा मार्केट, नरवाना से अंतर्राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता आचार्य राजेंद्र जी महाराज द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल जन जागरण मंच के प्रधान रमेश गर्ग उर्फ महेशी द्वारा महाराज जी को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
आचार्य राजेंद्र जी महाराज ने कहा कि नवरात्रों में हर व्यक्ति द्वारा विशेष रूप से माता की पूजा की जाती है और मां बनभौरी धाम शक्तिपीठ पर दूर-दूर से भक्त दर्शन के लिए आते हैं। सिंगला परिवार द्वारा लाला जी की स्मृति में कई वर्षों से चलाई जा रही इस निशुल्क यात्रा का लाभ समस्त नरवाना वासियों को मिल रहा है। इस यात्रा के माध्यम से समाज के हर वर्ग के श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर पाते हैं। महाराज जी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
स्व. लाला धर्मपाल सिंगला के बड़े पुत्र रोहतास सिंगला ने बताया कि यह निशुल्क बस यात्रा प्रत्येक माह अमावस्या के बाद पहले रविवार को आयोजित की जाती है। यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को पहले अपना पंजीकरण करवाना होता है।
प्रसिद्ध समाजसेवी एवं जयराम अस्पताल के प्रधान कैलाश सिंगला ने कहा कि आज हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आचार्य राजेंद्र जी महाराज के कर-कमलों द्वारा बस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसके लिए हम उनके आभारी हैं। यह निशुल्क बस यात्रा पिछले पांच वर्षों से लगातार चलाई जा रही है। माता रानी के दर्शन करवाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता और बनभौरी धाम हमारा पैतृक धाम है।
उन्होंने माता रानी से सभी क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। शहरवासियों द्वारा सिंगला परिवार की इस पुनीत जनसेवा की चारों ओर सराहना की जा रही है। यात्रा के दौरान दयाकिशन उर्फ बंसी द्वारा माता रानी के भजनों का गुणगान किया गया। श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते हुए बनभौरी धाम के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर महासचिव दीपक सिंगला, उपप्रधान कृष्ण गर्ग, वरिष्ठ सदस्य सतीश गर्ग, अर्जुन गोयल, राजेंद्र शर्मा, नरेश बंसल, संजय गर्ग, संदीप मित्तल, आकाश सिंगला, अमन सिंगला, गर्वित सिंगला, राजेंद्र सिंगला, दक्ष सिंगला, देवीराम गर्ग, चिराग गर्ग, अनुराग गर्ग सहित मां बनभौरी धाम के अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।