{"vars":{"id": "91925:5179"}}

नरवाना में श्रीमद् भागवत कथा के पंचम दिवस पर गूंजा नंद के घर आनंद भयो, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और गोवर्धन लीला का भव्य आयोजन

नरवाना की सिंगला धर्मशाला में भागवत कथा के पांचवें दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और गोवर्धन लीला का आयोजन किया गया।
 

भागवत कथा के पंचम दिवस श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की रही धूम

गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार एवं राम जन्म की कथा सुनाई; श्रद्धालुओं ने झूमकर मनाया नंदोत्सव

नरवाना /नरेंद्र जेठी /06 अक्टूबर 2026/अटल हिन्द ब्यूरो

पटेल नगर स्थित सिंगला धर्मशाला में आयोजित 18वें वार्षिक श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ के पंचम दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक राजीव वत्स जी, वृंदावन वाले ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीहरि की विभिन्न लीलाओं एवं अवतारों का विस्तारपूर्वक वर्णन सुनाया। कथा में राजीव वत्स ने गजेंद्र मोक्ष की कथा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि जब जीव सांसारिक संकटों में घिरकर अपने सभी सांसारिक सहारों से निराश हो जाता है और पूर्ण श्रद्धा से भगवान की शरण में जाता है, तब भगवान अपने भक्त की रक्षा के लिए अवश्य आते हैं।

गजेंद्र की भक्ति एवं भगवान विष्णु द्वारा उसे दिए गए मोक्ष का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। इसके पश्चात कथावाचक ने भगवान वामन अवतार की कथा सुनाई। उन्होंने राजा बलि की दानशीलता, भगवान वामन के विराट स्वरूप तथा भगवान की लीला का सुंदर वर्णन किया। कथा के माध्यम से उन्होंने श्रद्धालुओं को सत्य, धर्म, दान और अहंकार त्याग का संदेश दिया। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग को भी सूक्ष्म रूप से प्रस्तुत किया गया। भगवान के मर्यादा पुरुषोत्तम स्वरूप तथा उनके आदर्श जीवन का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।

कथा स्थल पर जब भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया तो पूरा वातावरण "नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में जमकर उत्सव मनाया। कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति में झूमते हुए नृत्य किया और एक-दूसरे को बधाई दी। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में खिलौने एवं बधाई प्रसाद वितरित किए गए, जिससे बच्चों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा कथा पंडाल भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भजनों से भक्तिमय हो उठा।

राजीव वत्स जी ने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है और धर्म की हानि होने लगती है, तब भगवान स्वयं अवतार लेकर भक्तों की रक्षा करते हैं। उसी प्रकार कंस के अत्याचारों से मथुरा की धरती त्राहि-त्राहि कर रही थी। देवकी माता और वसुदेव जी के कारागार में भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। भगवान के जन्म लेते ही कारागार के सभी बंधन अपने आप खुल गए और वसुदेव जी भगवान श्रीकृष्ण को लेकर यमुना जी को पार करते हुए गोकुल में नंद बाबा के घर पहुँचे। वहाँ भगवान की बाल लीलाओं का प्रारंभ हुआ और देखते ही देखते पूरे नंद भवन तथा समस्त ब्रज में आनंद की वर्षा होने लगी। नं

द बाबा के घर जन्मे नंदलाल की बाल लीलाएँ इतनी मनोहारी थीं कि माता यशोदा और समस्त ब्रजवासी उनके रूप और मुस्कान पर मोहित हो जाते थे। भगवान की करवट लेने की लीला हो, माखन चोरी की लीला हो या अपनी बाल चंचलताओं से माता यशोदा और ग्वाल-बालों को आनंदित करना—हर लीला में प्रेम और आनंद ही आनंद था। कंस भगवान श्रीकृष्ण को समाप्त करने के लिए एक के बाद एक राक्षसों को ब्रज भेजता रहा। लेकिन प्रभु तो स्वयं धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए अवतरित हुए थे। भगवान ने पूतना सहित अनेक राक्षसी शक्तियों का उद्धार किया और ब्रजवासियों को उनके भय से मुक्त किया।

भगवान श्रीकृष्ण बड़े होकर ग्वाल-बालों के साथ गाय चराने वन में जाने लगे। उनकी बाँसुरी की मधुर तान सुनकर केवल मनुष्य ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी और संपूर्ण ब्रज का वातावरण भी आनंद से भर उठता था। प्रभु की चीर लीला, माखन चोरी और अन्य अनेक बाल लीलाएँ ब्रजवासियों के जीवन का आधार बन गईं। एक दिन भगवान ने कालिया नाग का भी उद्धार किया। यमुना जी के जल को विषैला बनाने वाले कालिया नाग के फनों पर भगवान श्रीकृष्ण ने नृत्य किया और उसके अहंकार को समाप्त कर उसे यमुना जी छोडक़र जाने का आदेश दिया। इस प्रकार भगवान ने ब्रजवासियों को एक और संकट से मुक्त किया।

भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएँ निरंतर चलती रहीं और पूरे ब्रज में आनंद छाया रहा। ऐसा लगता था मानो भगवान के जन्म के बाद नंद भवन ही नहीं, बल्कि पूरा ब्रजधाम ही आनंद का धाम बन गया हो। इसके बाद गोवर्धन लीला में जब ब्रजवासी प्रत्येक वर्ष इंद्र देव की पूजा करने की तैयारी कर रहे थे, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि हमें अपने जीवन का पालन-पोषण करने वाले गोवर्धन पर्वत, गौ माता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए।

भगवान की प्रेरणा से ब्रजवासियों ने इंद्र पूजा के स्थान पर गोवर्धन महाराज का पूजन किया। यह देखकर इंद्र देव अत्यंत क्रोधित हो गए। उन्होंने अपने अहंकार में आकर ब्रज पर भयंकर वर्षा प्रारंभ कर दी। चारों ओर जल ही जल हो गया। ब्रजवासी भयभीत होकर भगवान श्रीकृष्ण की शरण में पहुँचे। तब भक्तवत्सल भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी-सी कनिष्ठिका उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठा लिया और समस्त ब्रजवासियों, गौ माता तथा ग्वाल-बालों को उसके नीचे आश्रय प्रदान किया।

सात दिनों तक भगवान ने गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर धारण करके ब्रजवासियों की रक्षा की। अंतत: इंद्र देव का अहंकार चूर हुआ और उन्हें अपनी भूल का ज्ञान हुआ। भगवान श्रीकृष्ण ने यह संदेश दिया कि भगवान अपने भक्तों की रक्षा करने के लिए किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। जहाँ अहंकार होता है, वहाँ भगवान उसे समाप्त करते हैं और जहाँ सच्ची भक्ति एवं शरणागति होती है, वहाँ भगवान स्वयं रक्षा करने के लिए उपस्थित हो जाते हैं।

कथावाचक राजीव वत्स जी ने कहा कि श्रीमद् भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य मार्गदर्शक है। भगवान की कथाओं को सुनने और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है।

 इस अवसर पर कथा के मुख्य सहयोगी मोहन लाल गर्ग व मोहन मण्डली के सदस्य आशीष सान्याल, अनिल शर्मा, दुर्गेश गोयल, रिंकु बंसल, सुभाष सिंगला,  प्रवीण शर्मा, राहुल सिंगला, सुखदेव शर्मा, डॉ0 सुनील श्योकंद, पवन सिंगला, नरेश पाँचाल, रवि शर्मा, संदीप शर्मा, महावीर चहल, मंगत राम गर्ग, सुरेश सिंगला, विकास मित्तल, संजीव शर्मा, पंकज गोयल, लक्ष्मण शर्मा के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। सिंगला धर्मशाला, पटेल नगर, नरवाना में चल रहे इस धार्मिक आयोजन से क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।