राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत कृषि भूमि एवं किसान कल्याण विभाग के निर्देशन में कार्यक्रम
राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत कृषि भूमि एवं किसान कल्याण विभाग के निर्देशन में कार्यक्रम
विज्ञान संकाय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर रसायन शास्त्र के 52 विद्यार्थियों को परीक्षण प्रमाण पत्र प्रदान
विषय रहा कृषि भूमि एवं भूजल नमूना सर्वेक्षण एवं भौतिक रासायनिक विश्लेषण कार्य ।
नरवाना, 22 अक्तूबर (विनय जेठी)
आज राजकीय महाविद्यालय नरवाना में राष्ट्रीय नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत विज्ञान संकाय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर रसायन शास्त्र के 52 विद्यार्थियों को कृषि भूमि एवं भूजल नमूना सर्वेक्षण एवं भौतिक रासायनिक विश्लेषण कार्य परीक्षण प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है।
कृषि भूमि एवं किसान कल्याण विभाग जींद एवं नरवाना के निर्देशन में कार्यक्रम किया गया। जयपाल सिंह आर्य ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के रसायन शास्त्र विभाग की भूमि एवं जल प्रयोगशाला में जून से अगस्त 2026 तक सिंचाई एवं पीने के भूजल के 55 तथा कृषि भूमि के मिट्टी के 345 नमूनों की भौतिक- रासायनिक जांच का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया था। प्रशिक्षण कार्यशाला में पानी की पीएच, विद्युत चालकता, गहराई, टीडीएस, कठोरता, क्षारीयता, कैल्शियम, मैग्नीशियम, सोडियम, पोटैशियम,लोह, क्लोराइड, फ्लोराइड, फास्फेट, नाइट्रेट, सल्फेट, पारदर्शिता इत्यादि मानदंड का विश्लेषण कर शोध रूप में प्रतिवेदन तैयार की गई।
भूमिगत पानी में कठोरता, टीडीएस, नाइट्रेट, क्लोराइड, क्षारीयता, फ्लोराइड की मात्रा विश्व स्वास्थ्य संगठन के निर्धारित मापदंड से अधिक पाई गई। यह पर्यावरण प्रदूषण एवं प्राकृतिक संसाधनों के दोहन का परिणाम स्वरुप है। कृषि भूमि के नमूनों की भौतिक- रासायनिक जांच में पता चला कि स्थिर कार्बन,नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटैशियम, सल्फर, मैंगनीज, आयरन, जिंक, कॉपर एवं बोरोन इत्यादि की मात्रा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के मापदंड से नीचे पाई गई।
खेतों में फसल चक्र और पशु विचरण का अभाव एवं प्राकृतिक खाद का प्रयोग न कर अंधाधुंध रासायनिक खाद और दवाइयां का प्रयोग करना,फसल अवशेष एवं पराली का जलना, इत्यादि आवश्यक पोषक तत्वों की कमी का मूल कारण है। खेतों में आग लगने से बहुत सारे पोषक तत्व एवं मित्र कीट - पतंगों के साथ शैवाल इत्यादि भी नष्ट हो जाते हैं। विद्यार्थियों को पेयजल के लिए प्राकृतिक विधि में काशी,पीतल,तांबे और मिट्टी के बर्तनों का प्रयोग के साथ पानी की शुद्धता और पवित्रता के लिए जामुन के पत्ते और डंठलों का प्रयोग करने का निर्देश दिया।
किसान भाइयों को प्राकृतिक खेती, पशुपालन, फसल चक्र, नहरी पानी, हल या हेरो से जुताई करने के साथ रासायनिक खाद और दवाइयां से परहेज रखने का विधिवत आह्वान किया गया। जांच में महाविद्यालय के क्षेत्र की भूमि में सभी पोषक तत्व मापदंड से अधिक पाए गए। यह भूमि सर्व पोषक तत्व संपन्न है। महाविद्यालय में लगभग 6500 हजार पेड़-पौधों के साथ लगभग 66 प्रकार की औषधि वनस्पतियां हैं। इनका संरक्षण एवं संवर्धन करना चाहिए ।
इस अवसर पर प्राचार्य मीनू सिंह ने विद्यार्थियों को कौशल विकास के माध्यम से स्वाभाविक स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता के लिए कार्यक्रमों में व्यवहारिक प्रशिक्षण लेकर मिट्टी और पानी की प्रयोगशालाएं गांव में स्थापित करने का निर्देश दिया। इसमें तकनीकी एवं पारंपरिक ज्ञान से पर्यावरण को संरक्षण एवं संवर्धन भी किया जा सकता है। प्रशिक्षण कार्यशाला कार्यक्रम में प्रोफेसर शैलेंद्र नैन एवं मुकेश कुमारी एवं विद्यार्थियों का सहयोग रहा।