नरवाना: स्कूल में पुलिस ने छात्रों को सिखाए नशे और साइबर ठगी से बचने के मंत्र
विनय जेठी /अटल हिन्द
नरवाना /12 नवंबर 2026 /
नरवाना के डूमरखा कला स्थित शिव मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक उपासना भा के कुशल मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के जाल और साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों से सुरक्षित रखना है। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा चुनने और डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति टीम के इंचार्ज उप निरीक्षक नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के गंभीर परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और शिक्षा को प्रभावित करता है, बल्कि यह पूरे परिवार और भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे स्वयं को नशे से दूर रखें और अपने आसपास के लोगों को भी इस बुराई से बचाने का संकल्प लें।
नशे और साइबर अपराध के खिलाफ छात्रों ने ली शपथ
आज के डिजिटल युग को देखते हुए पुलिस टीम ने साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया। उप निरीक्षक नरेश कुमार ने छात्रों को सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी लिंक के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के प्रति आगाह किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य निजी विवरण साझा न करें, क्योंकि यह बैंकिंग फ्रॉड का कारण बन सकता है।
इसके साथ ही, विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के लिए डायल 112 सेवा के महत्व के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने छात्रों को इस सेवा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। स्कूल के प्रिंसिपल दिलबाग और समस्त स्टाफ की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने न केवल नशे से दूर रहने का, बल्कि एक सुरक्षित और सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर पुलिस टीम के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।