{"vars":{"id": "91925:5179"}}

नरवाना SSBV स्कूल के ‘रंगमंच’ में रावण की प्रस्तुति बनी खास

नरवाना के एसएसबीवी स्कूल में 16वें वार्षिक समारोह ‘रंगमंच’ का भव्य आयोजन हुआ। रावण नाट्य प्रस्तुति, शिव आगमन और हरियाणवी नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।
 

एसएसबीवी स्कूल के वार्षिक समारोह ‘रंगमंच’ में संस्कृति, कला और रचनात्मकता का भव्य संगम

नरवाना, 27 अक्तूबर (विनय जेठी)

श्री श्याम बाल वाटिका पब्लिक स्कूल नरवाना के हिसार रोड स्थित परिसर में विद्यालय का सोलहवाँ वार्षिक समारोह ‘रंगमंच-कला, संस्कृति एवं रचनात्मकता का उत्सव’ अत्यंत भव्यता, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों, भारतीय संस्कृति की झलक और सामाजिक संदेशों से सजे इस समारोह ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसएमओ डॉ. देवेंद्र बिंदलिश तथा अध्यक्षीय अतिथि के रूप में प्रख्यात समाजसेवी घनश्याम दास अनेजा उपस्थित रहे। समारोह में भाजपा नेता मोहन लाल गर्ग, दिनेश गोयल, जयदेव बंसल, सतीश सेतिया, डॉ. एस.के. सिंगला, सुदर्शन सिंगला, सुदर्शन जैन, कृष्ण जैन और प्रवीण मित्तल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘रावण’ विषय पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें रावण के जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से मंच पर जीवंत किया गया। भगवान शिव के भव्य आगमन का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शानदार मंच सज्जा, आकर्षक वेशभूषा, सशक्त अभिनय और प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय पौराणिक कथाओं और उनके विभिन्न पहलुओं पर विचार करने का अवसर भी प्रदान किया।

कार्यक्रम में मणिपुरी नृत्य, हरियाणवी लोक संस्कृति, फूलों की थीम पर आधारित प्रस्तुति, ‘धुरंधर’ की रोमांचक झलक, नशा मुक्ति जागरूकता तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और आधुनिक रचनात्मकता से रूबरू कराया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिक भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रस्तुति में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण स्पष्ट दिखाई दिया। विद्यालय के निदेशक कृष्ण अरोड़ा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियाँ हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, आत्मविश्वास, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है।

ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने, अपनी संस्कृति से जुडऩे और जीवन के व्यावहारिक गुण सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति अरोड़ा ने कहा कि ‘रंगमंच’ विद्यार्थियों की प्रतिभा, कल्पनाशीलता और सामूहिक प्रयासों का सशक्त मंच है। विद्यालय का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, संवेदनशीलता और सम्मान की भावना को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाए। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह ने यह संदेश दिया कि मंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और व्यक्तित्व निर्माण का भी प्रभावी साधन है। ‘रंगमंच’ की शानदार प्रस्तुतियों ने एसएसबीवी स्कूल की रचनात्मक सोच, सामूहिक कार्यक्षमता और विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।