{"vars":{"id": "91925:5179"}}

नरवाना में पराली जलाने वालों पर सख्ती, SDM के निर्देश

नरवाना में पराली जलाने की घटनाएं रोकने के लिए SDM जगदीश चंद्र ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। खेतों में निगरानी बढ़ाने और नियमों के तहत कार्रवाई के आदेश दिए।
 

निगरानी व्यवस्था को मजबूत कर पराली जलाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें-जगदीश चन्द्र।

नरेंद्र जेठी /नरवाना /15 अक्टूबर 2026 | अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

धान की पराली जलाने की घटनाओं की निगरानी एवं रोकथाम को लेकर एसडीएम जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, खेतों में फसल अवशेष प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा किसानों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए।

एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाएं और पराली जलाने की किसी भी घटना को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। एसडीएम जगदीश चंद्र ने कहा कि धान की कटाई के बाद खेतों में बचे फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करना आवश्यक है। पराली जलाने से वातावरण में धुआं और हानिकारक प्रदूषक तत्व फैलते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है।

इसका असर आमजन के स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण पर भी पड़ता है। इसके अतिरिक्त, पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद उपयोगी सूक्ष्मजीवों और पोषक तत्वों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है, जिससे भूमि की उर्वरता भी प्रभावित हो सकती है। इसलिए किसानों को फसल अवशेषों का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए केवल प्रशासनिक निगरानी ही नहीं, बल्कि किसानों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक तरीकों के बारे में जानकारी दें और उन्हें उपलब्ध कृषि यंत्रों तथा फसल अवशेषों के उचित निस्तारण के उपायों के प्रति जागरूक करें। किसानों को समझाया जाए कि पराली जलाने के बजाय उसका उचित प्रबंधन करके पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है। एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में नियमित निगरानी रखें और पराली जलाने की सूचना मिलने पर तुरंत मौके की स्थिति का पता लगाएं। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विभागीय स्तर पर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

कहा कि क्षेत्र में निगरानी के दौरान प्राप्त सूचनाओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए। बैठक में पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, कृषि विभाग, पंचायत विभाग, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा अग्निशमन विभाग की भूमिका पर भी चर्चा की गई। एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए एक-दूसरे के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान करें।

ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से किसानों से संपर्क स्थापित कर उन्हें जागरूक किया जाएं, ताकि फसल अवशेषों के निस्तारण में पर्यावरण अनुकूल उपायों को प्राथमिकता मिल सके। इस अवसर पर तहसीलदार विजय कुमार नायब तहसीलदार रणवीर सिंह बीडीपीओ हनीश कुमार , डॉ वीरेंद्र बुरा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।