ढांड(कैथल) अनाज मंडी में तालाबंदी, किसानों की 2 दिन की चेतावनी!
ढांड अनाज मंडी में धान खरीद और उठान में देरी से नाराज किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला जड़ा। विक्रम कसाना ने दो दिन में समाधान न होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी।
Oct 20, 2026, 01:46 IST
मंडी में धान लूट के विरोध में किसानों का फूटा गुस्सा, कमेटी कार्यालय गेट पर जड़ा ताला* _मिलर और एजैसियों की मिलीभगत से किसानों को लूटा जा रहा है सरेआम : विक्रम कसाना_ _दो दिन का अल्टीमेटम; समाधान नहीं हुआ तो पंचमुखी चौक पर होगा चक्का जाम_ _ढांड/19 अक्टूबर 2026/ अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स_ भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट के नेतृत्व में सोमवार को ढाड अनाज मंडी में धान की सुचारू खरीद न होने, उठान में देरी और किसानों की फसल के कम दाम लगाए जाने के विरोध में किसानों ने मार्कीट कमेटी कार्यालय के गेट पर ताला लगा दिया और जमकर नारेबाजी कर रोष जताया। किसान नेता विक्रम कसाना एडवोकेट ने प्रशासन को दो दिन का समय देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में धान की खरीद, उठान और मंडी से बाहर पड़ी फसल की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान पंचमुखी चौक, पर ट्रॉलियां रोककर धान डालेंगे और चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगे। इसके साथ खरीद एजैसियों के अधिकारियों के साथ मंडी कमेटी कर्मचारी साथ नहीं होंगे तो उनका कड़ा विरोध किया जाऐगा, क्योंकि एजैंसी अधिकारी मंडी में आने की बजाए मिलरों के प्रतिष्ठान पर ही बैठकर धान खरीद रजिस्टरों में कर रहे है। किसानों ने आरोप लगाया कि राइस मिलरों और खरीद एजेंसियों की कथित मिलीभगत के चलते मंडियों में किसानों को जमकर लूटा जा रहा है। 17 प्रतिशत नमी वाली धान को भी लगभग 2200 रुपए प्रति क्विंटल तक खरीदने के आरोप लगाते हुए किसानों ने रोष जताया। प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए किसान नेता विक्रम कसाना एडवोकेट ने कहा कि धान की फसल लेकर किसान कई दिनों से मंडियों में बैठे हैं, लेकिन खरीद और उठान की व्यवस्था सुचारू नहीं हो रही। मंडी से बाहर सडक़ों पर पड़ी धान की फसल को भी पिछले करीब 15 दिनों से खरीद का इंतजार है। हालात यह हैं कि किसान अपनी फसल की रखवाली करने और उसे खराब होने से बचाने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें मंडियों में परेशान होने के लिए छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि धान की खरीद में कथित अनियमितताओं और किसानों को उचित मूल्य नहीं मिलने के मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। मंडियों में खरीद प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए तथा खरीद के बाद धान का उठान समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए दर-दर न भटकना पड़े। मंडी से लेकर सडक़ों तक खुले में पड़ा किसानों का धान अंकुरित होने से नुकसान बढ़ा है। उन्होंने कहा किकिसान अपनी मेहनत की फसल को बर्बाद होते हुए नहीं देख सकते। प्रशासन को किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान करना होगा।
किसानों को उचित मूल्य दिलाना, खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और मंडियों से धान का समय पर उठान करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो किसान अपने हकों के लिए आंदोलन तेज करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी। इस मौके पर गुरनाम फरल, विक्रम दूसैन, पिरथी कौल, रणधीर बरसाना, बहादुर गौरसी, रामपाल मूंदड़ी, सुनील गोलन, सतपाल पूंडरी, गुरमुख फरल, दीपा दूसैन, ओमप्रकाश बरसाना, प्रेम गौरसी, भीम खनौदा सहित कई किसान मौजूद थे। बाक्स _मिलर्स कम कीमत पर धान खरीदकर अपनी ही आढ़त की दुकानों पर मंगवाते है : विक्रम कसाना_ प्रदर्शन के दौरान किसान नेता विक्रम कसाना व किसानों ने आरोप लगाया कि ढांड में संचालित कई राइस मिलरों के पास अपनी आढ़त की दुकानें भी हैं। मिलर अपने नुमाइंदों के माध्यम से निगदू, नीलोखेड़ी, जूंडला, पुंडरी, पेहवा सहित अन्य मंडियों से कम कीमत पर धान खरीदकर अपनी ही आढ़त की दुकानों पर मंगवाया जाता है और वहां से तुरंत उठान करवा लिया जाता है। इससे स्थानीय आढ़तियों की दुकानों पर पड़ी धान की फसल का उठान प्रभावित होता है और स्थानीय किसानों को अपनी फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। विक्रम कसाना ने कहा कि यदि बाहरी मंडियों से धान मंगवाने, खरीद प्रक्रिया और उठान में किसी प्रकार की अनियमितता हो रही है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रशासन को मंडियों में खरीद और उठान की प्रक्रिया पारदर्शी बनाते हुए यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी राइस मिलर या आढ़ती को अनुचित लाभ न मिले और स्थानीय किसानों की फसल की खरीद व उठान में भेदभाव न हो। बाक्स _अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुनी किसानों की समस्याएं_ मार्किट कमेटी कार्यालय पर तालाबंदी की सूचना मिलने के बाद ढांड के नोडल अधिकारी अमित माथुर, मार्कीट कमेटी सचिव लव गुप्ता, हैफेड, खाद्य आपूर्ति विभाग खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा थाना प्रभारी बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और किसानों के साथ मंडी में जाकर धान की खरीद सुचारू रूप से शुरू करवाने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों में खरीद और उठान से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया जाएगा। कमेटी सचिव लव गुप्ता ने कहा कि सरकारी मापदंडों के अनुसार 17 प्रतिशत नमी वाले धान की खरीद एमएसपी हो रही है और किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करने दिया जाऐगा।