{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कैथल में पटाखों का कहर: 7 गर्भवती भैंसों का गर्भपात, सभी बच्चों की मौत

कैथल के ग्योंग गांव में दीपावली के तेज पटाखों के बाद 7 गर्भवती भैंसों का समय से पहले गर्भपात हुआ। सभी कटड़े-कटड़ी की मौत से पशुपालकों को लाखों का नुकसान, अब सरकार से बड़े धमाकों पर रोक की मांग।
 

कैथल में पटाखों की तेज आवाज़ से 7 गर्भवती भैंसों का गर्भपात, समय से पहले जन्मे सभी बच्चों की मौत, पशुपालकों को लाखों का नुकसान

संवाददाता: तरसेम सिंह

कैथल जिले के गांव ग्योंग में दीपावली पर पटाखों और आतिशबाजी के तेज धमाकों से पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ। गांव में 7 गाभिन (गर्भवती) भैंसों की समय से पहले डिलीवरी हो गई और गर्भ में पल रहे सभी कटड़े-कटड़ी की मौत हो गई। ये भैंसें दो से आठ महीने तक की गाभिन थीं।

पशुपालकों के अनुसार, पटाखों की आवाज इतनी तेज थी कि पशु सहन नहीं कर सके। घटना के बाद पशुपालक अपनी भैंसों का इलाज करवा रहे हैं। एक भैंस की कीमत डेढ़ लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

ध्वनि मानक तय करने की मांग

पशुपालक गुरुदेव सिंह, सुरेंद्र और अन्यों ने बताया कि उनकी भैंसें कई महीने से गर्भवती थीं। तेज धमाकों के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। पशुपालकों का कहना है कि उन्होंने गांव के लोगों से बड़े पटाखे नहीं चलाने की अपील भी की थी, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी।

उन्होंने सरकार से मांग की कि पटाखों की आवाज के लिए ध्वनि मानक तय किए जाएं। यदि पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाना संभव नहीं है तो कम से कम उनकी आवाज की तीव्रता कम की जाए। बड़े धमाके करने वाले पटाखों पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए।

पशु चिकित्सक बोले- धड़कन हो सकती है प्रभावित

गांव में पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि गांव में सात पशुओं को नुकसान हुआ है। बड़े पटाखों के धमाकों का पशुओं के गर्भ पर सीधा असर पड़ सकता है। तेज आवाज और धमाकों से गर्भ में पल रहे बच्चों की धड़कन प्रभावित हो सकती है और समय से पहले गर्भपात होने का खतरा रहता है। उन्होंने भी बड़े पटाखों पर रोक लगाने की जरूरत बताई।