{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कैथल पनीर फैक्ट्री छापा: 19 को कार्रवाई, 20 की तारीख!

कैथल के कलायत में पनीर फैक्ट्री पर छापा, 8 क्विंटल पनीर और 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क मिला। 19 अक्टूबर की कार्रवाई में पैकेटों पर 20 अक्टूबर की निर्माण तिथि मिलने से सवाल उठे।
 

पुलिस और विभाग ने छापा मारा 19 अक्टूबर को और सामान पर पैकिंग पर निर्माण तिथी मिली 20 अक्टूबर की।

त्योहारों के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कैथल पुलिस की कार्रवाई,

सीआईए कलायत व खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कलायत स्थित एक दूध-पनीर फैक्ट्री पर की छापेमारी, 8 क्विंटल पनीर व 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क मिला,

पनीर के पैकेटों पर 19 अक्टूबर की बजाय 20 अक्टूबर की निर्माण तिथि अंकित मिली, खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध व पनीर के तीन सैंपल भरे

कैथल, 20 अक्टूबर

त्योहारों के सीजन में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कैथल पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए कलायत पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कलायत अनाज मंडी के पीछे स्थित एक दूध-पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 8 क्विंटल पनीर और 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क मिला। पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि को लेकर भी अनियमितता सामने आई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध व पनीर के तीन सैंपल लेकर जांच के लिए प्रक्रिया शुरू की है।

सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कलायत अनाज मंडी के पीछे स्थित एक दूध-पनीर फैक्ट्री में मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीआईए कलायत पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक शर्मा की टीम के साथ संयुक्त रूप से फैक्ट्री में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 8 क्विंटल पनीर मिला। इसमें लगभग 5 क्विंटल पनीर पैकेटों में पैक किया हुआ था, जबकि करीब 3 क्विंटल पनीर खुला मिला। इसके अतिरिक्त फैक्ट्री में लगभग 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क भी मौजूद था। जांच के दौरान पैक किए गए पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि 20 अक्टूबर अंकित मिली, जबकि पुलिस के अनुसार फैक्ट्री में कार्रवाई 19 अक्टूबर को की गई थी। इस प्रकार पैकेटों पर निर्माण तिथि कार्रवाई के दिन से एक दिन आगे की लिखी हुई पाई गई। मौके पर पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध व पनीर के कुल तीन सैंपल लिए हैं। इनकी जांच के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा नियमानुसार कार्रवाई के संबंध में आगामी कार्रवाई की जाएगी।