{"vars":{"id": "91925:5179"}}

नशा तस्करों पर कैथल पुलिस का लगातार शिकंजा, सीआईए-1 पुलिस द्वारा 1350 प्रतिबंधित नशीली गोलियां सहित दो आरोपी काबू

नशा तस्करों पर कैथल पुलिस का लगातार शिकंजा, सीआईए-1 पुलिस द्वारा 1350 प्रतिबंधित नशीली गोलियां सहित दो आरोपी काबू
 

कैथल, 07 अक्तूबर ( ) जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए-1 कैथल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित काबू किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 1350 ट्रामाडोल प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुई। पुलिस ने नशीली गोलियों की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एएसआई कमलजीत सिंह की टीम अपराधों की रोकथाम के संबंध में गश्त करते हुए गुहला से भाटियां रोड नजदीक गांव श्यो माजरा मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव कलारां जिला पटियाला पंजाब निवासी संदीप कुमार व कुलदीप सिंह सरकार द्वारा प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने का धंधा करते हैं तथा पंजाब से नशीली दवाइयां लाकर गुहला-चीका एरिया में सप्लाई करते हैं। जो दोनों आज भी मोटरसाइकिल पर नशीली दवाइयां लेकर इसी रास्ते से गुहला जाने वाले हैं।

सुचना विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम ने उक्त रास्ते पर नाकाबंदी कर श्यो मजारा की तरफ आने वाले वाहनों की निगरानी शुरू की तो करीब 20 मिनट बाद एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम ने मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में दोनों की पहचान गांव कलारां जिला पटियाला पंजाब निवासी संदीप कुमार व कुलदीप सिंह के रुप में हुई।

पुलिस सुचना उपरांत मौके पर पहुंचें डीएसपी रमेश कुमार के समक्ष नियमानुसार तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे में पॉलीथीन से 135 स्ट्रिप्स में प्रत्येक स्ट्रिप्स से 10 गोलियां मिली जो कुल 1350 ट्रामाडोल प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुईं। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर चेतन वर्मा से संपर्क करने पर बरामद गोलियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित बताया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज करके मौके पर पहुंचे एएसआई गुरदान द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी कुलदीप को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि आरोपी संदीप का न्यायालय से 4 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।