कैथल समाधान शिविर में खुलीं गांवों की समस्याएं, अधिकारियों को सख्त चेतावनी
समाधान शिविर में एसडीएम ने सुनी आमजन की समस्याएं
अतिक्रमण हटवाने, मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने, सोलर अनुदान प्रदान करने, गली में होने वाले जलभराव को दुरूस्त करवाने संबंधित शिकायतों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
तरसेम सिंह /अटल हिन्द
कैथल /12 नवंबर 2026 /
आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम संजय कुमार ने आमजन की शिकायतें सुनीं। शिविर में आई अतिक्रमण हटवाने, मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने, सोलर अनुदान प्रदान करने, गली में होने वाले जलभराव को दुरुस्त करवाने, परिवार पहचान पत्र सहित अन्य संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
गांव छौत निवासी प्रीतम ने शिकायत दी है कि मुख्य गली में पड़ोसियों ने ईंटे व मिट्टी डालकर अतिक्रमण किया हुआ है, जिसकी वजह से काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिस पर एसडीएम ने बीडीपीओ को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। मानस गांव के कुछ निवासियों ने शिकायत दी है कि उनकी गली में कुछ लोगों द्वारा नाली बनने में विरोध किया जा रहा है, जिसकी वजह से पानी की निकासी में परेशानी हो रही है, जिसके लिए डीडीपीओ और बीडीपीओ को समस्या का समाधान करने के निर्देश जारी किए। गांव सजूमा निवासी बाला देवी ने कुछ लोगों ने मकान बनाने में रुकावट डालने, चीका निवासी रोहताश ने उनकी माता का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, सेरधा निवासी सुरेश कुमार ने सोलर योजना के तहत अनुदान दिलवाने, कैथल निवासी पवन द्वारा बनाई गई नई गली के कारण जलभराव होने की शिकायत एसडीएम के समक्ष रखी।
एसडीएम संजय कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निपटान करना सुनिश्चित करें। इसमें कोई भी लापरवाही न बरती जाए। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करें। शिकायतों को बिना उचित कारण लंबित रखने या कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोमवार व वीरवार को लघु सचिवालय कैथल तथा उपमंडल कलायत व गुहला में समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। आमजन इन शिविरों में आकर अपनी समस्याएं रख सकते हैं, ताकि उनका समाधान किया जा सके।