{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कलायत का प्राचीन शिव मंदिर बनेगा पर्यटन हब, क्या है योजना?

कलायत के प्राचीन कपिल मुनि सरोवर स्थित शिव मंदिर को पर्यटन हब बनाने की तैयारी। मुख्यमंत्री नायब सैनी की योजना के तहत ASI सर्वे करेगा। जानिए क्या बदलेगा।
 

देश भर के लिए पर्यटन का बड़ा हब बनेगा कलायत

बिना चूना-मिट्टी से निर्मित राष्ट्रीय स्मारक शिव मंदिर का होगा बड़े बजट से जीर्णोद्धार

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण व हरियाणा पुरातत्व विभाग को सौंपी गई है जिम्मेवारी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विशेष कार्यकारी अधिकारी भारत भूषण भारती ने दी धरोहरों के संरक्षण से जुड़ी योजना की जानकारी

कलायत(तरसेम सिंह)

 कलायत के प्राचीन कपिल मुनि सरोवर तट पर बिना चूना-मिट्टी सेे सातवीं-आठवीं शताब्दी में पंच रथ शैली से निर्मित प्राचीन शिवालय को पर्यटन के बड़े हब के रूप में विकसित करने के प्रयास सरकार ने शुरू कर दिए हैं। इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण व हरियाणा पुरातत्व विभाग कदम से कदम मिलाकर काम करेंगे। समुचित संरक्षण के अभाव में इतिहास के झरोखे से ओझल होने की कगार पर पहुंची धरोहर के जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विशेष योजना तय की है।

मुख्यमंत्री के विशेष कार्यकारी अधिकारी भारत भूषण भारती ने सरकार द्वारा तय योजना की जानकारी दी। कपिल मुनि तीर्थ कमेटी कलायत के प्रधान राजू कौशिक ने कोषाध्यक्ष मुकेश पाराशर के साथ धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा विशेष अधिकारी के समक्ष शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में उठाया। उन्होंने विशेष रूप से प्राचीन कपिल मुनि तीर्थ से जुड़ी विकास योजनाओं व उत्तरी भारत के अनूठे प्राचीन शिव मंदिर के लगातार खंडित होते स्वरूप को संरक्षित करने की मांग रखी।

इस पर भारत भूषण भारती ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड मानद सचिव उपेंद्र सिंघल व 48 कोस तीर्थ मानिटरिंग कमेटी चेयरमैन रवींद्र सांगवान व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में बताया कि देशभर में प्राचीन मंदिरों का निर्माण मुख्य रूप से पत्थरों से हुआ है।

कलायत में छोटी र्इंटों का ऐतिहासिक शिव मंदिर अपनी निर्माण शैली के कारण विशेष महत्व रखता है। प्राचीन काल में छोटी-छोटी ईंटों को तराशते हुए निर्मित इस मंदिर की संरचना इसे दूसरी ऐतिहासिक इमारतों से अलग पहचान देती है। पिछले कई वर्षों से मंदिर का बड़ा हिस्सा खंडित हो चुका है। ऐसे में इस ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करना जरूरी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस विषय को गंभीरता से लेते हुए मंदिर के विकास और संरक्षण की दिशा में कदम उठाने का निर्णय लिया है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा 13 दिसंबर 1995 को इस मंदिर को राष्ट्रीय महत्व का संरक्षित स्मारक घोषित किया गया। राजा शालिवाहन द्वारा मंदिर का निर्माण करवाया गया पुरातत्व विभाग के शिलालेख पर यह भी उल्लेख है। पूर्व दिशाभिमुखी इस प्राचीन शिवालय के निर्माण में प्राचीन तकनीक का प्रयोग कारीगरों/ शिल्पकारों द्वारा किया गया है।

यह तकनीकि परिदृश्य उत्तर मध्यकाल में उत्तर भारत के अधिकांश भागों में देखने को मिलता है। प्राचीन कपिल मुनि सरोवर कामहाभारत एवं वामन पुराण में कपिल सरोवर के नाम से उल्लेख किया गया है। जिसका आजकल लोकप्रिय नाम कपिल मुनि तीर्थ हैं। सी.जे. रोजर की 1888-89 की रिर्पोट के अनुसार इस सरोवर को कपिल मुनि के नाम से जानते थे जो कि उस समय कच्चा था। रोजर का नाम मुख्य रूप से भारत में खुदाई व पुरातात्विक सर्वेक्षण से जुड़ा है।

ऐतिहासिक पहचान को मिलेगी मजबूती:

भारत भूषण भारती ने भारतीय पुरातत्व विभाग की सर्वे टीम जल्द ही कलायत पहुंचेगी। टीम प्राचीन मंदिर और संबंधित धरोहरों का निरीक्षण कर उनकी ऐतिहासिक स्थिति का आकलन करेगी। सर्वे के बाद संरक्षण और विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे कलायत की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। प्राचीन कपिल मुनि सरोवर और शिव मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के प्रतीक हैं। इनके संरक्षण से आने वाली पीढिय़ों को प्राचीन स्थापत्य कला और सांस्कृतिक इतिहास से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

सांख्य दर्शन के प्रणेता भगवान कपिल मुनि से जुड़ा है विभिन्न कालों के मंदिरों का इतिहास:

प्राचीन कपिल मुनि मंदिर पुजारी संजय गौतम व अनिरूद्ध गौतम ने बताया कि अतीतकाल में इस जलाशय के तटबंध पर सुंदर मंदिरों व साधु समाज के आश्रमों की श्रृंखला थी। सरोवर की जलापूर्ति पुंडरी नामक जल धारा (ड्रेन) से होती रही है। इस तीर्थ को सांख्य दर्शन के प्रणेता भगवान कपिलमुनि के नाम से जाना जाता है। भगवान कपिल मुनि ईसा पूर्व तीसरी शताब्दी तक विख्यात हो चुके थे। उन्होंने अपनी माता देवभूति को साख्य शास्त्र का उपदेश किया था। कलायत शब्द से यह प्रतीत होता है कि यह कपिलायत या कपिलायतन का अपभ्रश रूप है।