कलायत नगर पालिका में कर्मचारी गायब? DC ने दिए जांच के निर्देश
कलायत पालिका: बायोमेट्रिक मशीन ठप, कर्मचारी गायब; विजिलेंस जांच और विशेष निगरानी अधिकारी की उठी मांग
कलायत(तरसेम सिंह)
कलायत नगर पालिका में अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित गैरमौजूदगी एवं ड्यूटी के प्रति लापरवाही को लेकर मामला गरमा गया है। विभिन्न वार्डों के पार्षदों, समाजसेवी संगठनों और आम नागरिकों की तरफ से लगातार सवाल उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने शुरू किए हैं। जिला उपायुक्त अपराजिता ने सरकारी ड्यूटी को गंभीरता से नहीं लेने वाले अधिकारियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उधर शहर के लोगों के माध्यम से नगर पालिका में पारदर्शिता कायम करने के लिए मुख्यमंत्री से विशेष निगरानी अधिकारी नियुक्त करने की मांग भी उठ रही है। नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारियों की हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए लगाई गई बायोमेट्रिक मशीन लंबे समय से साइड लाइन रखी गई है। पार्षदों व समाज सेवी संगठनों का आरोप है कि मशीन को बार-बार फेविक्विक से ठप करने का मामला भी पहले चर्चा में रहा है। ऐसे में कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर पालिका में सोमवार करीब साढ़े नौ बजे वार्ड 6 से पार्षद प्रदीप राणा ने ड्यूटी के समय अधिकारियों की कुर्सियां की समय एवं लोकेशन के साथ शिकायत अधिकारियों को प्रेषित की थी। इससे अधिकारी हरकत में आ गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल में ही एसडीएम अजय हुड्डा के दौरे के बाद भी कुछ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। लोगों को अपने काम करवाने के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। एसडीएम अजय हुड्डा ने बताया कि नगर पालिका में अधिकारियों और कर्मचारियों की निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश देते हुए नगर पालिका सचिव की तरफ से ऑफिस ऑर्डर जारी किए गए हैं।
विजिलेंस सहित विभिन्न जांच एजेंसियों त्वरित तौर से करें कार्यवाही:
नगर पालिका में कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर भी शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी धन के उपयोग और विकास कार्यों की गुणवत्ता की पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए। कुछ कथित भ्रष्टाचार संबंधी मामलों की जांच विजिलेंस सहित विभिन्न एजेंसियों द्वारा की जा रही है। इन मामलों में त्वरित कार्यवाही की मांग पुरजोर ढंग से उठने लगी है।
टेंडर कार्य मेंं रुचि लें अधिकारी:
त्योहारों के सीजन में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को लेकर भी समस्या बनी है। आरोप हैं कि अधिकारी स्ट्रीट लाइटों के टेंडर लगाने में अपेक्षित तेजी नहीं दिखा रहे। बिना टेंडर बिजली व्यवस्था पर खर्च किए जा रहे बजट का पूरा विवरण जांचने की मांग की गई है। इसके तहत नगर पालिका में विभिन्न प्रकार के सामान की खरीद से संबंधित बिल, भुगतान विवरण और अन्य रिकॉर्ड की जांच करवाने की मांग भी उठ रही है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि खरीद प्रक्रिया, टेंडर और खर्च की निष्पक्ष जांच होने से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्टेशन से गायब रहने वाले कर्मियों से लोग परेशान:
नगर पालिका में फरलो के साथ-साथ स्टेशन छोडऩे वाले कर्मियों को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। इनका कहना है कि कई कर्मी तो ऐसे हैं जो बिना शीर्ष अधिकारियों की अनुमति के स्टेशन से गायब रहते हैं। इतना ही नहीं स्टेशन छोडऩे वाले कर्मी अकसर सोमवार व मंगलवार बेहद विलंब से कार्यालय में पहुंचते हैं। इसके लिए पालिका कार्यालय के सीसीटीवी कैमरोंं को खंगालते हुए कार्यवाही की जाए।